पीएम मोदी से मुलाकात करते हुए सीएम मनोहर लाल, भाजाप प्रदेशाध्यक्ष और कृष्ण मिड्ढा
हरियाणा के विकास कार्यों की प्रगति रिपोर्ट पीएम नरेंद्र मोदी ने सीएम मनोहर लाल से जानी है। सोमवार को नई दिल्ली स्थिति संसद भवन में पीएम के साथ सीएम की मुलाकात हुई। मौका, जींद के नवनिर्वाचित भाजपा विधायक डॉ. कृष्ण मिड्ढा की ओर से पीएम नरेंद्र मोदी के धन्यवाद करने का था। सीएम मनोहर लाल, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला और विधायक कृष्ण मिड्ढा की संसद भवन में सुबह साढ़े 11 बजे मुलाकात हुई।
लगभग आधे घंटे तक चली इस मुलाकात में पीएम ने कृष्ण मिड्ढा को जीत की बधाई के साथ ही शाबाशी भी दी। इसके लिए मिड्ढा ने पीएम का धन्यवाद किया। इसके बाद पीएम ने सीएम से हरियाणा में चल रहे विकास कार्यों, केंद्र की परियोजनाओं और वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य पर चर्चा की। उन्होंने सीएम से पूछा कि विकास कार्यों की क्या स्थिति है, केंद्र की परियोजनाओं का कितना लाभ जनता को मिल रहा है।
इस पर सीएम ने एक-एक कर पीएम को विकास कार्यों का स्टेट्स और केंद्रीय परियोजनाओं के लाभार्थियों के बारे में बताया। साथ ही कोर ग्रुप की बैठक में रविवार को हुए निर्णयों की जानकारी दी। पीएम नरेंद्र मोदी ने सीएम, प्रदेशाध्यक्ष व मिड्ढा को लोकसभा चुनावों की तैयारियों में जुटने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की जनहितैषी योजनाओं और उपलब्धियों से जन-जन को अवगत कराएं। भाजपा कार्यकर्ता घर-घर तक पहुंचें। सीएम ने पीएम को आश्वस्त किया कि लोकसभा चुनाव में भाजपा का प्रदर्शन हरियाणा में शानदार रहेगा।