मनीमाजरा। विश्व महिला दिवस के अवसर पर जीवनदान ग्रुप की ओर से इंदिरा कॉलोनी की महिलाओं को सम्मानित किया गया। इस दौरान समाज सेवा और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी गतिविधियों में योगदान देने वाली महिलाओं को पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया।
जीवनदान ग्रुप के जिला कोऑर्डिनेटर कमल मौर्य ने बताया कि संस्था समाज सेवा के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए भी लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि कुछ समय पहले संस्था की ओर से महिलाओं को कपड़े उपलब्ध करवाकर उनसे कपड़े के थैले सिलवाए गए थे। बाद में इन थैलों को लोगों में वितरित किया गया, ताकि प्लास्टिक के उपयोग को कम किया जा सके।
संस्था के सदस्य राजकुमार सैनी ने बताया कि जीवनदान ग्रुप घर-घर से पुराने कपड़े एकत्रित करता है। इनमें से जो कपड़े इस्तेमाल के लायक होते हैं, उन्हें ठीक कर जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाया जाता है, जबकि जो कपड़े खराब होते हैं उनसे कपड़े के थैले तैयार किए जाते हैं। इस पहल से एक ओर जरूरतमंद लोगों की मदद होती है तो दूसरी ओर पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलता है। उन्होंने कहा कि इस मुहिम में स्थानीय महिलाओं का विशेष योगदान है, जिनकी मेहनत से यह कार्य सफल हो पा रहा है। संस्था समय-समय पर इस तरह की सामाजिक गतिविधियां आयोजित करती रहती है।
इस अवसर पर कविता सैनी, सरबजीत सैनी, सुषमा, अनुराधा, मधुबाला, कोमल सैनी, दीप सहित कई महिलाओं ने इस अभियान में सहयोग दिया। संस्था के सदस्यों ने सभी महिलाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया।