श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार रघबीर सिंह के मीडिया सलाहकार तलविंदर सिंह बुट्टर ने सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट की पुष्टि से इंकार किया है। पोस्ट में दावा किया गया है कि रघबीर सिंह ने 22 जनवरी को अयोध्या में प्रस्तावित श्री राम लला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होने का निमंत्रण ठुकरा दिया है। गौरतलब है कि दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की धर्म प्रचार कमेटी के प्रचारक अंग्रेज सिंह ने फेसबुक पर एक पोस्ट को वायरल कर दावा किया था कि उन्हें यह जानकारी श्री अकाल तख्त सचिवालय से मिली है।
प्रचारक अंग्रेज सिंह ने पोस्ट में लिखा कि सिख समुदाय की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी रघबीर सिंह ने राम मंदिर के उद्घाटन समारोह के दौरान अयोध्या जाने का कार्यक्रम रद्द कर दिया है। इसकी वजह यह बताई जा रही है कि उन्हें किसी आधिकारिक संस्था या व्यक्ति द्वारा आमंत्रित नहीं किया गया है। वहीं, जत्थेदार ज्ञानी रघबीर सिंह के मीडिया सलाहकार तलविंदर सिंह बुट्टर ने कहा कि श्री अकाल तख्त साहिब की ओर से ऐसा कोई बयान जारी नहीं किया गया। फिलहाल वह कोई आधिकारिक टिप्पणी करने में असमर्थ हैं क्योंकि जत्थेदार ने निमंत्रण स्वीकार किया है या नहीं। इस बारे में उन्हें जत्थेदार की ओर से कोई जानकारी नहीं दी गई है।