पठानकोट के मामून कैंट से काबू किए गए पूंछ निवासी जासूस के खिलाफ मामलाद दर्ज करके उसे 7 दिन के रिमांड पर भेज दिया गया है। इरशाद के खिलाफ थाना मामून में जासूसी का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बुधवार को उसे कोट में पेश किया।
कोर्ट ने उसे सात दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया। आरोपी से पुलिस ने मोबाइल व एक नक्शा भी बरामद किया है। वहीं जम्मू कश्मीर पुलिस की ओर से आरोपी मजदूर के रिहायशी इलाके से जीजा-साले को भी गिरफ्तार किए जाने खबर मिली है, जिनसे जेएंडके पुलिस पूछताछ कर रही है।
मामून कैंट में केबल बिछाने के प्रोजेक्ट में मजदूरी का काम कर रहे इरशाद अहमद पुत्र मोहम्मद असलम निवासी हरिमरहोट तहसील सुरनकोट जिला पुंछ, जम्मू कश्मीर को पाकिस्तान में बैठे लोगों से संपर्क साधने व सैन्य ठिकानों की जासूसी करने के शक में बीते सोमवार को पुलिस व आईबी ने गिरफ्तार किया था।
पुलिस ने उससे एक मोबाइल व नक्शा भी बरामद किया था। इसके बाद इरशाद के जम्मू कश्मीर स्थित निवास पर भी छापामारी की गई थी। इरशाद बारहवीं पास बताया जा रहा है।