दिल्ली निवासी बिजनेसमैन परिवार संग अपने दोस्त और रिश्तेदार के घर हुई मौत का मातम मनाने आए थे लेकिन हादसे में खुद के घर बुझ गए 5 चिराग। दरअसल खन्ना से लुधियाना आ रही एक स्विफ्ट कार मंगलवार दोपहर साहनेवाल के पास जीटी रोड पर खड़े ट्राले में जा घुसी।
इस हादसे में कार सवार एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत हो गई। हादसे में ढाई साल का एक बच्चा बुरी तरह से घायल हो गया। मृतकों की पहचान दिल्ली के आदर्श नगर निवासी रजनीश कुमार (40), उसकी पत्नी रीटा (36), पिता रमेश कुमार (65), मां वीना (60) और रजनीश की भतीजी गिन्नी (7) के रुप में हुई है।
एसपीएस अस्पताल में दाखिल ढाई वर्षीय भवी की हालत गंभीर बनी हुई है। सूचना के बाद मौके पर पहुंची थाना साहनेवाल की पुलिस ने क्रेन मंगवाकर गाड़ी को बाहर निकलवाया और सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने ट्राला चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार दिल्ली के संजय गांधी ट्रांसपोर्ट नगर में रजनीश का वीना इंफोटेक ट्रांसपोर्ट कंपनी के नाम से दफ्तर है। इसमें उनकी खन्ना के सलाना गांव के रहने वाले शिंगारा सिंह के साथ पार्टनरशिप थी। दो दिन पहले शिंगारा सिंह की पत्नी हरिंदर कौर की मौत हो गई थी। रजनीश अंतिम संस्कार में नहीं पहुंच सके थे।
सोमवार को रजनीश, उसकी पत्नी, माता-पिता और उसका ढाई साल का बेटा एक गाड़ी में और रजनीश का भाई महेश कुमार अपनी पत्नी सोनिया और बेटी गिन्नी के साथ अलग गाड़ी में खन्ना पहुंचे। वहां से उन्होंने लुधियाना में रहने वाले अपने एक रिश्तेदार की अंतिम अरदास में जाना था। वह सोमवार रात को लुधियाना के लिए निकलने लगे, लेकिन शिंगारा सिंह ने उन्हें रोक लिया।
मंगलवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे रजनीश अपनी पत्नी और माता-पिता के साथ अपनी कार से लुधियाना के लिए निकले। महेश और उसकी पत्नी दिल्ली के लिए रवाना हो गए। आते आते महेश की बेटी भी रजनीश की गाड़ी में बैठ गई कि वह कुछ दिन उनके साथ ही पंजाब में रहेगी और रविवार को वापस उन्हीं के साथ दिल्ली आ जाएगी। जब रजनीश साहनेवाल के पास पहुंचा तो सड़क के बीचों बीच एक ट्राला खड़ा था। गाड़ी तेज रफ्तार थी और अनियंत्रित होकर सीधे ट्राले में जा घुसी।