कपूरथला जेल में बंद कैदी गुरनाम उर्फ गामा की ओर से चलाए जा रहे नशे के व्यापार का जालंधर देहात की पुलिस ने काउंटर इंटेलीजेंस की मदद से पर्दाफाश किया है। पुलिस के अनुसार गामा जेल से ही नशे का कारोबार चला रहा था।
पुलिस ने दो आरोपियों को 56 बोरियां चुरापोस्त समेत काबू किया है। आरोपियों की पहचान गुरदेव चंद निवासी मोहल्ला रंगड़ा (नूरमहल) और सुखविंदर कुमार उर्फ बिल्ला निवासी दाना मंडी नूरमहल के रूप में हुई है।
जालंधर देहात के एसएसपी हरमोहन सिंह संधू ने कहा कि उन्हें सूचना मिली थी कि जेल के अंदर बंद कैदी नशे का कारोबार चला रहा है। इसकी जांच करने के लिए एक टीम का गठन किया गया।
इसमें एसपी इंवेस्टीगेशन हरकमलप्रीत सिंह खख, डीएसपी नकोदर बलकार सिंह और मुख्य अफसर बिलगा विजय कंवर पाल शामिल थे। उन्होंने कहा कि पुलिस को जानकारी मिली थी कि चुरापोस्त से एक ट्रक को बंगाल से जम्मू कश्मीर में भेजा जा रहा है।