मोहाली। स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी) ने गैंगस्टर रविंदर काली उर्फ काली शूटर का दो दिन का पुलिस रिमांड लिया था। रिमांड खत्म होने उपरांत उसे सोमवार को जिला अदालत में पेश किया।
अदालत में काली शूटर के वकील ने तर्क दिया कि एसएसओसी की पूछताछ में काली के खिलाफ कोई ठोस सबूत सामने नहीं आया है। एसएसओसी ने जो एफआईआर दर्ज की है, उसमें भी उसका नाम नहीं है। इतना ही नहीं, वह पकड़े गए आरोपियों को नहीं जानता। अदालत ने अब मामले की अगली सुनवाई 19 जून रखी है। वहीं, इसी मामले में पहले से रिमांड पर चल रहे आरोपी अर्जुन ठाकुर निवासी चंडीगढ़, रोहित उर्फ रिम्मी व मोहित भारद्वाज दोनों निवासी मोहाली फेज-1 को भी अदालत में पेश किया गया। अदालत ने दलील सुनने के बाद सभी को न्यायिक हिरासत में पटियाला भेज दिया है। वहीं, एक आरोपी सुखविंदर सिंह उर्फ शौंकी सरदार निवासी गांव लोपेके जिला मोगा अभी फरार है। जानकारी के अनुसार वे पंजाब के कारोबारी व रसूखदार लोगों से फिरौती मांगते हैं और चलते कारोबार में बिना पैसे खर्च कर हिस्सा डालने के लिए कहते हैं। ऐसा न करने पर वे अपने विदेश बैठे साथी गैंगस्टर साथी अर्शदीप उर्फ डल्ला व लॉरेंस बिश्नोई से फोन करवाकर उन्हें जान से मारने की धमकियां देते थे।