21 जून को इंटरनेशनल योग दिवस पर कैपिटल कॉम्लेक्स में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ योग करने का हजारों लोगों का सपना यूटी प्रशासन ने पहले ही तोड़ दिया है। आम जनता से सिर्फ 1500 लोगों को कार्यक्रम के लिए चुना गया है। शनिवार को सुबह से कैपिटल कॉम्लेक्स के लिए चुने गए लोगों के मोबाइल पर मैसेज मिलने शुरू हो गए। लेकिन रविवार को रिहर्सल के शेड्यूल को लेकर लोग देर शाम तक पूछताछ करते रहे ।
इंटरनेशनल योग डे के मौके पर 21 को होने वाले कार्यक्रम के लिए आज कैपिटल कांप्लेक्स में फुल ड्रेस रिहर्सल। रविवार को इंटरनेशनल योग दिवस से पहले रिहर्सल का शेड्यूल रखा है। लेकिन देर रात तक रिहर्सल के लिए चुने गए लोगों को इस बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई। लोगों को यह पता ही नहीं था कि उन्हें रविवार को कहां रिपोर्ट करना है। योग शिविर के सुपरवाइजर, ट्रेनर खुद रिहर्सल का शेड्यूल जानने के लिए भटकते रहे। रात को करीब 8:30 बजे के बाद लोगों के मोबाइल पर मैसेज आने शुरू हुए।
32 हजार मैट पर लगाए नंबर
कैपिटल कॉम्लेक्स में करीब 30 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था है। योग करने वालों को पानी की बोतल, मैट और जूते रखने के लिए बैग दिया जाएगा। शनिवार को कैपिटल कॉम्पलेक्स में मैट पहुंच चुके थे। सूत्रों के अनुसार प्रशासन ने 32 हजार मैट पर नंबरिंग कराई है। दो हजार मैट अतिरिक्त मंगाए गए हैं। दिल्ली की कंपनी को यह काम सौंपा गया है। योग के बाद लोग इन्हें घर ले जा सकेंगे। लोगों को 6 अलग-अलग रंगों के मैट दिए जाएंगे। नंबर लगाने के लिए करीब 50 कर्मचारियों को लगाया गया था।
सेक्टर-16 स्टेडिमय में रिजर्व रखे जाएंगे लोग
यूटी प्रशासन मौसम का मिजाज देखते हुए कैपिटल कॉम्पलेक्स में लोगों की कमी होने पर रिजर्व प्लॉन भी तैयार कर रहा है। सूत्रों के अनुसार 2 हजार के करीब योग सीख चुके लोगों को 21 जून को रिजर्व कैंडिडेट्स के तौर पर रखा जाएगा। कैपिटल कॉम्लेक्स में लोगों की भीड़ कम होने पर यहां से गाड़ियों में तुरंत उन्हें पहुंचाया जाएगा।
रिहर्सल के लिए सुबह 4:30 बजे पहुंचना होगा
रविवार को कैपिटल कॉम्लेक्स में होने वाली रिहर्सल की सही जानकारी अधिकतर लोगों तक शाम को नहीं पहुंच पाई। शाम करीब 8:30 बजे के बाद ही चुने गए लोगों के मोबाइल पर मैसेज आने शुरू हुए। यूटी प्रशासन ने लोगों को कैपिटल कॉम्पलेक्स ले जाने के लिए करीब 600 बसों का इंतजाम किया है। रिहर्सल में करीब 10 हजार पंजाब और 10 हजार हरियाणा से लोग पहुंचेंगे।
बारिश ने बढ़ाई चिंता
20 और 21 जून को मौसम विभाग ने बारिश की भविष्यवाणी की है। ऐसे में योग कार्यक्रम के लिए प्रशासन के अधिकारियों की सांसें फूली हुई हैं। कैपिटल कॉम्लेक्स के अधिकतर हिस्से पर ग्रीन और रेड कारपेट बिछाए गए हैं। लेकिन बारिश होने पर पूरी तैयारियों पर पानी फिर सकता है। कैपिटल कॉम्लेक्स में बड़ी एलसीडी, मोबाइल टॉयलेट और मेडिकल रूम स्थापित किए गए हैं।
अधिकारी जमे रहे कैपिटल कॉम्लेक्स में
शनिवार को यूटी प्रशासन के सभी आला अधिकारी बारी-बारी से कैपिटल कॉम्लेक्स में तैयारियों का जायजा लेते रहे। गृहसचिव अनुराग अग्रवाल से लेकर इंजीनियरिंग विभाग के सभी अधिकारी खुद तैयारियों को देख रहे थे। यूटी प्रशासन ने इंजीनियरिंग विभाग के अधिकतर जेई, एसडीओ, एक्सईएन और एससी को तैयारियों में लगाया हुआ है। आयुष मंत्रालय से भी सभी अधिकारी शनिवार को पहुंच गए। तीन दिन इनका डेरा कैपिटल कॉम्लेक्स में होगा। उधर, एसपीजी के अधिकारी ने भी कैपिटल कॉम्लेक्स की कमान थाम ली है।