हरियाणा विधानसभा चुनाव में इनेलो ने प्रत्याशियों का चयन रणनीतिक ढंग से किया है। विधानसभा क्षेत्र में जिस समाज का बाहुल्य है, पार्टी ने उसी समाज के दमदार प्रत्याशी को मैदान में उतारा है। शहरी सीटों पर पार्टी की ओर से अब तक घोषित उम्मीदवारों में ज्यादातर अग्रवाल या पंजाबी समाज के हैं। पार्टी का दावा है कि उम्मीदवारों के चयन की इस रणनीति से विरोधियों केअभी से पसीने छूट रहे हैं।
इनेलो ने कुरुक्षेत्र जिला मुख्यालय वाली थानेसर सीट से प्रदेश अध्यक्ष एवं पंजाबी नेता अशोक अरोड़ा को चुनाव मैदान में उतारा है। वे इस सीट से चार बार विधायक, परिवहन मंत्री व हरियाणा विधानसभा के स्पीकर जैसे अहम् पदों पर रह चुके हैं। इसी प्रकार पंचकूला की शहरी सीट से इस बार इनेलो ने हरियाणा अग्रवाल सभा के अध्यक्ष कुलभूषण अग्रवाल को चुनाव मैदान में उतारा है, जो कि पंचकूला जिले के व्यापारी नेता हैं बल्कि उनकी पहचान समाजसेवी व्यक्ति के तौर पर भी होती है।