इनेलो के बीच चल रही सियासी उठापटक के बीच करीब दर्जन भर विधायक अज्ञातवास में चले गए हैं। विधायकों के अज्ञातवास की खबर को लेकर राजनीतिक घमासान और तेज हो गया है। बताया जाता है कि सभी विधायक हिमाचल प्रदेश के एक पांच सितारा रिसोर्ट में आराम फरमा रहे हैं। इसी चर्चा के बीच एक विधायक का वीडियो भी वायरल हुआ है। जिसे देख कर यह मालूम पड़ रहा है कि वह हरियाणा से कही बाहर है।
सूत्रों के मुताबिक 17 नवंबर को होने वाले शक्ति प्रदर्शन को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। 17 को अजय चौटाला ने जींद में और अभय चौटाला ने चंडीगढ़ स्थित जाट भवन में अलग-अलग बैठक बुलाई है। अभय चौटाला के साथ चंडीगढ़ में आयोजित प्रेस कान्फ्रेंस में नौ विधायक दिखाई दिए थे। अब दोनों विधायकों में शक्ति प्रदर्शन की होड़ लगी है। इसलिए 17 नवंबर को होने वाली पार्टी की दोनों बैठकें अहम हो गई हैं। ऊंट किस करवट बैठेगा यह 17 नवंबर को तय होगा।
उधर इनेसो के राष्टीय अध्यक्ष दिग्विजय चौटाला ने कहा है कि हस्ताक्षर करने के बहाने इन विधायकों को बुलाया गया था और बाद में उन्हें बस में बैठाकर नजरबंद कर लिया गया है। दिग्विजय ने कहा कि ऐसा इसलिए किया जा रहा है ताकि 17 नवंबर को जींद में होनी वाली अजय चौटाला की रैली में खलल डाला जाए। उन्होंने कहा कि 17 तक नेता प्रतिपक्ष यह नया पैंतरा चल विधायकों को हमसे दूर रख सकते हैं। लेकिन जब भी विधायक बाहर आएंगे, तो वे अजय चौटाला का दामन थाम सकते हैं, फिर उन्हें कैसे रोकेंगे।
इनेलो के प्रवक्ता प्रवीण आत्रेय का कहना है कि यह सब बेकार की बातें हैं। दिग्विजय चौटाला अपना चेहरा बचाने के लिए यह बचकाने बयान दे रहे हैं। जब कोई पहुंचेगा नहीं तो जनता को क्या मुंह दिखाएंगे। इसलिए यह बयानबाजी कर रहे हैं। जिससे जनता के बीच जवाब देने से बच सकें।