नेशनल रिकॉर्ड तोड़कर नया इतिहास रच चुकी चंडीगढ़ की इकलौती तैराक चाहत अरोड़ा अब सैफ गेम्स-2019 में अपना लोहा मनवाते हुए तीन मेडल जीतकर बेस्ट परफॉर्मर बनीं। यह सैफ गेम्स काठमांडू में 5 से 19 दिसंबर तक खेले जा रहे हैं। तैराकी में भारत की ओर से चाहत अरोड़ा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2 गोल्ड और 1 सिल्वर मेडल जीतने में कामयाबी हासिल की है।
50 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक में चाहत ने 33.32 का स्कोर बनाते हुए गोल्ड मेडल हासिल किया और इसके बाद 100 मीटर ब्रेस्ट स्ट्रोक इवेंट में 1.13.52 का समय लेते हुए सिल्वर मेडल जीता। वहीं चार गुणा सौ मेडले रीले इवेंट में गोल्ड हासिल किया। इन तीनों प्रतियोगिताओं में एशिया के बेस्ट तैराकों ने हिस्सा लिया था।
सैफ गेम्स में तीन मेडल जीतने पर चाहत अरोड़ा के परिवार और सिटी के तैराकों में खुशी का माहौल है। देश के लिये तीन मेडल जीतने पर चाहत के कोच गुरचरण सिंह काफी खुश हैं। उन्होंने बताया कि सैफ गेम्स में चाहत ने किसी तैराक को प्रतियोगिता के दौरान अपने आसपास भी नहीं पहुंचने दिया।