चंडीगढ़। श्रीलंका के साथ चार मार्च से शुरू होने वाले टेस्ट मैच को लेकर इंडिया टीम पीसीए स्टेडियम में खूब पसीना बहा रही है। यही नहीं, मंगलवार को भारतीय टीम अपने कोच राहुल द्रविड़ और बल्लेबाजी कोच विक्रम राठौर के नेतृत्व में अभ्यास किया। इसके साथ ही नेट प्रैक्टिस के दौरान बीसीसीआई के मुख्य चयनकर्ता चेतन शर्मा भी पहुंचे हुए थे। टीम सुबह तकरीबन 9 बजे स्टेडियम में पहुंच गई। इससे पहले कप्तान रोहित शर्मा व टीम के कुछ अन्य खिलाड़ी टी-20 सीरीज खेल रहे थे। इस दौरान कोच भी टीम के साथ थे।
अभ्यास के दौरान राहुल द्रविड़ काफी सक्रिय दिखे और उन्होंने थ्रो बॉल कर टीम के खिलाड़ियों को अभ्यास करवाया। इस दौरान मुख्य चयनकर्ता ने पहले नेट पर जाकर खिलाड़ियों के खेल को परखा। उसके बाद मुख्य कोच राहुल द्रविड़ व बल्लेबाजी कोच विक्रम राठौड़ से भी बात की। टीम के खिलाड़ियों ने 3 घंटे तक स्टेडियम में रहकर अभ्यास किया। श्रीलंका टीम दोपहर 3 बजे के बाद स्टेडियम पहुंची। खिलाड़ियों ने वार्मअप करने के बाद नेट प्रैक्टिस की।
किसी ने कैच तो किसी ने बल्लेबाजी का किया अभ्यास
मोहाली के रहने वाले शुभमन गिल ने पहले स्टेडियम में कैच पकड़ने का अभ्यास किया। इसके बाद नेट पर बल्लेबाजी की। पास खड़े मुख्य चयनकर्ता चेतन शर्मा उन्हें समझाते हुए नजर आए। जसप्रीत बुमराह भी अभ्यास करते हुए नजर आए। इसके साथ ही टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली भी थ्रो बॉल पर शॉट मारने का अभ्यास करते दिखाई दिए।
अभ्यास के दौरान पंत ने बजाई सीटी
ऋषभ पंत ने पहले नेट पर विकेटकीपिंग का आधे घंटे तक अभ्यास किया। स्टेडियम से नेट की तरफ जाते हुए जब फोटो जर्नलिस्ट ने उनसे सीटी बजाने की गुजारिश की, तो पंत ने उन्हें भी निराश नहीं किया और सीटी बजाकर सबके चेहरे पर मुस्कान ला दी।
ऐसी है मोहाली की पिच
मोहाली क्रिकेट स्टेडियम में पिच क्यूरेटर ने इस टेस्ट के लिए दो विकेट तैयार की हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार भारत-श्रीलंका के बीच सेंट्रल विकेट पर मैच होगा। देश के अन्य केन्द्रों की तुलना में मोहाली की विकेट तेज होती है। अनुमान लगाया जा रहा है कि पहले दो दिन पिच तेज गेंदबाजों को मदद कर सकती है। अगर मैच से पहले बारिश या इस तरह का मौसम रहता है तो संभव तेजी के साथ विकेट स्विंग भी कर सकती है। ऐसे में बल्लेबाजों को सुबह के सत्र में संभलकर खेलना होगा। पिच को कवर किया गया है। यहां हलकी घास रखी जाएगी। अगर बिना विकेट खोए पिच पर टिका जाए तो स्कोरबोर्ड अपने आप रफ्तार लेगा। यह भी कहा जा रहा है कि चौथे दिन विकेट स्पिन को मददगार रह सकती है। इसका फायदा दोनों टीमें ले सकती हैं, क्योंकि भारत और श्रीलंका के पास अतीत से ही अच्छा स्पिन अटैक रहा है।