भारतीय सेना के थल अध्यक्ष जनरल बिक्रम सिंह ने कहा कि भारतीय सेना हर चुनौती के लिए हर वक्त तैयार हैं। जरूरत पड़ने पर वह किसी का भी माकूल जवाब दे सकती है।
चंडीगढ़ स्थित पश्चिमी कमान के अधिकारियों का हौसला बढ़ाते हुए उन्होंने कहा कि सेना को तैयार करने में यहां के अधिकारी हर मोर्चे पर कड़ी मेहनत कर रहे हैं। यह मेहनत आगे भी जारी रखनी होगी।
आतंकी आपरेशनों के लिए सेना विशेष तौर पर तैयार
आपरेशन और प्रशासनिक गतिविधि के प्रशिक्षण में उच्चतम मानकों को बनाए भी रखना होगा। इसमें बिल्कुल भी कोताही न बरती जाए।
इस मौके पर वेस्टर्न कमांड के चीफ कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल फिलिप कांपोज ने वेस्टर्न कमांड की गतिविधियों से उन्हें अवगत कराया। उन्होंने बताया कि आतंकी आपरेशनों से बेहतर तरीके से निपटने के लिए सेना को विशेष तौर पर तैयार किया जा रहा है। उन्हें कमांड में उच्च स्तर की ट्रेनिंग दी जा रही है।
कमान के दौरे पर हैं बिक्रम सिंह
उन्होंने सेवारत और सेवानिवृत्त अधिकारियों को पिछले दो सालों में उनके हित के लिए किए जा रहे कार्यों के बारे में विस्तार से बताया। उसके बाद वे वीर स्मृति पहुंचे और शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की।
थल सेनाध्यक्ष ने आर्मी वाइव्स वेलफेयर एसोसिएशन की प्रेसिडेंट मिसेज बब्लेस सिंह व कई महिला सदस्यों से मुलाकात की। इस मौके पर एसोसिएशन की ओर से चलाए जा रहे कल्याणकारी कार्यों के बारे में विस्तार से बताया गया।
चंडीमंदिर स्टेशन पर उन्होंने वीर नारियों से भी मुलाकात कर उनके परिजनों से बातचीत की। जनरल बिक्रम सिंह इन दिनों कमान के दौरे पर है। एक दिन पहले उन्होंने शिमला स्थित आर्मी ट्रेनिंग कमांड का दौरा किया। वहां पर भी अधिकारियों के साथ बैठक की थी।