पठानकोट एयरबेस के पास पकड़ा संदिग्ध युवक
पंजाब के पठानकोट में एयरफोर्स के अधिकारियों ने एक संदिग्ध युवक को दबोचा। वह एयरबेस के आसपास घूम रहा था। एयरफोर्स अधिकारियों ने दो घंटे की पूछताछ के बाद युवक को पुलिस के हवाले कर दिया है। पुलिस के अनुसार यह युवक बिहार का रहने वाला है।
इसका नाम मोहम्मद मोबिन बताया जा रहा है। युवक के पास से पुलिस को एक मोबाइल फोन मिला है। जानकारी के अनुसार पठानकोट के ढाकी क्षेत्र स्थित एयरबेस के आसपास संदिग्ध युवक के देखे जाने पर कुछ दुकानदारों ने एयरफोर्स अधिकारियों को सूचना दी।
इस पर एयरफोर्स अधिकारी मौके पर पहुंचे और युवक को उठाकर एयरबेस कैंप के अंदर ले गए। अधिकारियों ने युवक से दो घंटे तक पूछताछ की। इसके बाद एयरफोर्स ने युवक को थाना डिवीजन नंबर 2 की पुलिस के हवाले कर दिया।
डीएसपी सिटी गुरप्रीत सिंह ने बताया कि पकड़े गए युवक की पहचान मोहम्मद मोबिन पुत्र मुस्तकीम निवासी बिहार के रूप में की गई है। उन्होनें कहा कि युवक से पूछताछ की जानी है। उन्होनें बताया कि युवक से एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है जो स्विच ऑफ है।