इस बार राजपथ पर गणतंत्र दिवस की परेड में इंडियन एयरफोर्स की बैंड प्रस्तुति कुछ खास ही रहेगी और इसकी वजह भी बेहद स्पेशल है। पहली बार इंडियन एयरफोर्स इस प्रस्तुति में ‘अफ्रीकन बीट’ की प्रस्तुति देकर दर्शकों और श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेगी। इसके अतिरिक्त मार्शल ऑफ एयरफोर्स अर्जन सिंह के लिए भी एयरफोर्स की बैंड टुकड़ी ने खास म्यूजिक तैयार किया है। यह म्यूजिक उन्हें एक तरह से श्रद्धांजलि स्वरूप होगा।
विजय चौराहे पर गूंजेगा ‘अफ्रीकन ड्रम बीट’
इस आरडी परेड के दौरान पहली बार शामिल किए गए अफ्रीकन ड्रम बीट का मकसद केवल बैंड प्रस्तुति को रोमांचक बनाना है। इसके लिए एयरफोर्स के कलाकार जवानों ने विशेष तैयारी की है। इस परफारमेंस को इंडियन एयरफोर्स की बैंड टुकड़ी द्वारा इस उपलक्ष्य में आयोजित समारोह के दौरान विजय चौराहे पर प्रस्तुत किया जाएगा।
‘द ग्रेट मार्शल’ के लिए जंगी म्यूजिक के साथ पंजाब फॉक
मार्शल ऑफ एयरफोर्स अर्जन सिंह को श्रद्धांजलि देने के लिए जहां एयरफोर्स अथारिटी ने इस आरडी परेड में उनकी एक झांकी तैयार की है, वहीं इस झांकी के दौरान प्रस्तुत किए जाने वाला म्यूजिक भी बैंड टुकड़ी के संगीतकारों ने विशेष रूप से तैयार किया है। इस म्यूजिक का थीम ‘दि ग्रेट मार्शल’ रखा गया है। इस थीम के लिए विशेष रूप से तैयार किए गए म्यूजिक में जोश भरने वाले जंगी म्यूजिक के साथ-साथ पंजाब का फॉक म्यूजिक भी शामिल किया गया है।
पांच दिन लाल किले पर होगी परफोरमेंस
एयरफोर्स की बैंड टुकड़ी 27 से 31 जनवरी तक लाल किले पर भी अपनी मनमोहक धुनों के साथ ‘भारत पर्व’ कार्यक्रम के दौरान प्रस्तुति देगी। जबकि 27, 28 व 29 जनवरी को विजय चौराहे पर रीट्रिट सेरेमनी में भी एयरफोर्स के 144 संगीतकार अपना कला प्रस्तुत करेंगे। एयरफोर्स के एक आला अफसर ने बताया कि गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान इस बार एयरफोर्स बैंड की प्रस्तुति ज्यादा प्रभावशाली होगी।