सिख यात्रियों का जत्था अटारी रेलवे स्टेशन पर रोका गया
भारत और पाकिस्तान के बिगड़े संबंधों की आंच बिजनेस के बाद अब आस्था को भी जलाने लगी है, वहीं पाक की इस हरकत ने नया 'अलर्ट' दिया है। दरअसल, वीरवार को भाई मरदाना यादगारी कीर्तन दरबार सोसाइटी के नेतृत्व में 80 सिख यात्रियों का जत्था अटारी रेलवे स्टेशन पर रोक दिया गया।
सोसाइटी के अध्यक्ष हरपाल सिंह भुल्लर ने बताया कि सुबह नौ बजे से लेकर दोपहर चार बजे तक सभी सिख श्रद्धालुओं को यही दिलासा दिया गया कि उनकी सूचना दिल्ली भेजी गई है जहां से हरी झंडी मिलने के बाद पाक भेजा जाएगा। अंत में कह दिया गया कि सिख जत्थे को लेने के लिए पाकिस्तान से स्पेशल ट्रेन आनी थी, जो नहीं आई।
इसके चलते जत्था पाक नहीं जा सकता। भुल्लर ने कहा कि जब पाकिस्तान स्थित भारतीय दूतावास से धार्मिक यात्रा के लिए वीजा लगाया गया, उसके बाद सिख श्रद्धालुओं को रोका जाना गलत बात है, इस बारे में वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ-साथ विदेश मंत्री सुषमा स्वराज को पत्र लिखेंगे।