72वें स्वतंत्रता दिवस पर चंडीगढ़ में गवर्नर व चंडीगढ़ के प्रशासक वीपी सिंह बदनौर ने तिरंगा फहराया। इसके अलावा सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए गए। छत्तीसगढ़ के राज्यपाल एवं बीजेपी चंडीगढ़ के अध्यक्ष संजय टंडन के पिता बलराम दास टंडन की आकस्मिक मृत्यु के बाद स्वतंत्रता दिवस पर सेक्टर 17 परेड ग्राउंड में होने वाले सभी सांस्कृतिक कार्यक्रम निरस्त कर दिए गए हैं। वहां सिर्फ पारंपारिक कार्यक्रम ही हुआ, जिसके तहत तिरंगा फहराया गया। मार्च पास्ट किया गया और परेड की सलामी ली गई।
15 अगस्त के मौके पर पहली बार मेयर देवेश मोदगिल की ओर से सेक्टर-24 स्थित पीजीआई गेस्ट हाउस में रखी गई चाय पार्टी भी रद्द कर दी गई है। यह जानकारी खुद मेयर देवेश मोदगिल ने दी। हरियाणा के राज्यपाल प्रोफेसर कप्तान सिंह सोलंकी का एटहोम कार्यक्रम भी रद्द कर दिया गया है। प्रो. सोलंकी ने टंडन के शोकाकुल परिवार के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त की है और दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की है। उन्होंने कहा कि बलराम जी दास टंडन के निधन से हमने एक दूरदर्शी राजनीतिज्ञ और लोकप्रिय नेता को खो दिया है।