चंडीगढ़। फैशन की बात चले और ओढ़नी या दुपट्टा चर्चा में न आए ऐसा हो ही नहीं सकता। फैशन के दौर में दुपट्टे का 30 साल पुराना चलन एक बार फिर तेजी से समाहित हो रहा है। लड़कियां और महिलाएं दुपट्टे को लेकर काफी चूजी हो गई हैं। हर किसी को सलवार-सूट को आकर्षक अंदाज देने के लिए कुछ अलग की तलाश है। इतना ही नहीं अब तो साड़ी को भी आकर्षक अंदाज में पेश करने के लिए दुपट्टे का उपयोग किया जा रहा है। युवतियों की मांग को ध्यान में रखते हुए सेक्टर-35 स्थित किसान भवन में लगाए गए वुमन आउटफिट एग्जीबिशन में दुपट्टे की ढेरों रेंज उतारी गई हैं। उसे शहर की लड़कियां और महिलाएं खासा पसंद भी कर रही हैं।
खरीदारी करने आई सेक्टर- 18 की दिव्या सिंह और सेक्टर- 22 की मोहिनी का कहना है कि त्योहार के लिए कुछ अलग की तलाश में यहां आए थे। दुपट्टे के चार अलग-अलग पीस इतने पसंद आए कि सभी ले लिए। इसमें बनारसी के साथ ही फुलकारी, कटदाना, रूबी वर्क और कलमकारी शामिल है। वहीं खरीदारी करने आई शिक्षिका अमनप्रीत कौर का कहना है कि कॉलेज में कैरी करने के हल्के दुपट्टे के साथ ही पार्टी के लिए हैवी लुक वाला बनारसी दुपट्टा लिया है।
बॉक्स
बनारसी बना सरताज
बनारसी सिल्क दुपट्टा अपने नए कलवेर के साथ आकर्षित कर रहा है। फैशन डिजाइनर अर्चना के अनुसार बनारसी सिल्क के दुपट्टे किसी बड़े फंक्शन के लिए एकदम परफेक्ट होते हैं। उन्होंने बताया कि कुछ समय से बनारसी सिल्क दुपट्टे का फैशन ट्रेंड में भी बना हुआ है। विशेष अवसरों पर बॉलीवुड एक्ट्रेस भी बनारसी दुपट्टे में नजर आ रही हैं। इसके बाद ये दुपट्टे लड़कियों के बीच खूब पसंद किए जा रहे हैं। रॉयल लुक के लिए बनारसी सिल्क दुपट्टे से बेहतर कुछ भी नहीं है। ये काफी हैवी होते हैं जो किसी स्पेशल दिन के लिए बनाए जाते हैं।
इनसेट
कांदा वर्क और फुलकारी के क्या कहने
दुपट्टे के स्टॉल की अंकिता का कहना है कि कांदा वर्क एक तरह की महीन कढ़ाई होती है। इसमें सूई और धागों की मदद से डिजाइन बनाया जाता है। इसके डिजाइन बहुत बारीक होते हैं तथा उन्हें बनाने में मेहनत भी बहुत लगती है। प्लेन दुपट्टे पर रंग बिरंगे धागे से सजे डिजाइन देखने में बहुत आकर्षक लगते हैं। रिच लुक होने की वजह से ये आम दुपट्टों के मुकाबले कुछ महंगे होते हैं। वहीं फुलकारी वाले दुपट्टे भी बेहद आकर्षित कर रहे हैं।
इनसेट
इसके अलावा ये हैं खास दुपट्टे
कट दाना, बनारसी, मल्टी सीक्वेंस, बनारसी क्रॉस स्टिच, रूबी वर्क बेल्वेट पर, स्केलपिंग हैंडवर्क ओर्गेंजा पर, कलमकारी, कलमकारी विथ बनारसी। मशीनी लखनवी जॉर्जेट पर, ओर्गेंजा पर फेडर, मधुबनी, वर्ली प्रिंट, लेदर वर्क, बादला वर्क, मिरर वर्क, राइज वर्क आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।