सीडब्ल्यूसी चेयरमैन डा. राज सिंह सांगवान ने कहा कि गुरुकुल में कई और छात्रों के साथ भी यौन शोषण होना सामने आया है। सभी छात्रों से फिलहाल सामूहिक तौर पर बात की गई थी। अभी काउंसिलिंग के अन्य सेशन भी होंगे और पड़ताल भी जारी है। पड़ताल पूरी होने के बाद ही पीड़ित बच्चों की कुल संख्या निकलकर सामने आ सकेगी। गुरुकुल को नोटिस जारी किया जा रहा है। गुरुकुल प्रबंधन की ओर से अभी तक कोई सहयोग नहीं किया गया है। इसके साथ ही गुरुकुल के संबंधित सभी दस्तावेज मांगे गए हैं। काउंसिलिंग के दौरान एक और पीड़ित छात्र मिला है, जिसने अपनी चोट दिखाई।
- छात्रों ने सीडब्ल्यूसी सदस्यों को दिखाए मारपीट के निशान
सीडब्ल्यूसी के सामने पीड़ित बच्चों व उनके अभिभावकों ने काउंसिलिंग में उत्पीड़न के बाद शिकायत करने पर दिए गए जख्मों के निशान दिखाए। कमर व उससे निचले हिस्से पर बने गहरे नीले निशान देख समिति के सदस्य भी दहल गए।
गुरुकुल में शारीरिक शोषण पर बोले मंत्री धनखड़
शिक्षण संस्थान में छात्रों के साथ हुए शारीरिक शोषण के मसले पर कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ कहा कि किसी इंसान की मानवीय गिरावट को किसी संस्थान से जोड़कर नहीं देखना चाहिए। कोई भी संस्थान समाज के हित के लिए कामकरता है। उसे किसी मानवीय दृष्टि से नहीं देखा जाना चाहिए। मंत्री यहां विकास सदन में सोमवार को जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक करने आए थे।