फिल्म ‘हाईवे’ के निर्देशक इम्तियाज अली का कहना है कि उनकी यह फिल्म रोमांटिक नहीं है। यह एक नेचुरल लोकेशनस पर बनाई गई फिल्म है। इम्तियाज फिल्म के प्रमोशन और शहर-शहर जाकर लोगों से हाईवे के प्रति उनकी प्रतिक्रिया जान रहे हैं। इसी के तहत वह चंडीगढ़ पहुंचे।
यहां होटल ताज में वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि फिल्म को अभी तक जितना रिस्पांस मिला है मैं उससे खुश हूं। लेकिन, लोगों से जानना चाहता हूं कि उनकी फिल्म पर क्या प्रतिक्रिया है।
इम्तियाज ने फिल्म से जुड़े कुछ खास बातों का जिक्र किया। जैसे एक सीन में आलिया भट्ट को पहाड़ों के बीच एक पत्थर पर बैठे हुए गुमसुम दिखाया गया है।
उन्होंने कहा कि इसे टीम ने हटाने को कहा, लेकिन मुझे यह सीन काफी पसंद आया और इसे हटने नहीं दिया। फिल्म में अगर आप गौर से देखें तो कोई बड़ा सेट या खास इफेक्ट नजर नहीं आएगा।
क्योंकि हर सीन को नेचुरल पेश करना चाहता था। रॉकस्टार जैसी फिल्म बनाने के बाद दर्शकों की उम्मीदों का बोझ होता है, लेकिन इसकी परवाह नहीं करता। जब पसंद हो तब ही काम करता हूं।
इम्तियाज ने बताया कि लोग अकसर कहते हैं कि रोमांटिक के अलावा किसी और जॉनर में फिल्म बनाऊं, लेकिन मै इस फिल्म को रोमांटिक नहीं मानता हूं। हाल ही में एक न्यूजपेपर के एडिटर ने जब यह बात मुझसे कही कि यह फिल्म कहीं से भी रोमांटिक नहीं लगती तो काफी खुशी हुई, क्योंकि वास्तव में यह रोमांटिक नहीं है।
फिल्म समीक्षा नहीं पढ़ता
फिल्म की समीक्षा के बारे में इम्तियाज ने कहा कि वह अपनी फिल्म की समीक्षा को नहीं पढ़ते। जब वी मेट के बाद जब लव आज कल रिलीज हुई तो पता चला कि समीक्षकों ने फिल्म को दो या ढाई स्टार दिए थे, लेकिन उसका नतीजा आपके सामने है।