चंडीगढ़ से हवाई यात्री करनी है तो समय से दो घंटा पहले घर से निकलना होगा। अगर भ्रम की स्थिति में आप अपने समय से चंडीगढ़ के पुराने एयरपोर्ट पर गलती से चले गए तो आपकी फ्लाइट मिस हो जाएगी।
ऐसा इसलिए हो रहा है क्योंकि 19 अक्तूबर को एयरपोर्ट की शिफ्टिंग के 14 दिन बाद भी प्रशासन ने एयरपोर्ट लाइट प्वाइंट के आसपास लगे साइन बोर्ड को मेन रोड से नहीं हटवाया है। वहीं, एयरपोर्ट अथॉरिटी ने भी इस मामले में जमकर लापरवाही बरती है।
अथॉरिटी ने पुराने एयरपोर्ट के मेन एंट्रेंस गेट पर एयरपोर्ट शिफ्टिंग को लेकर दो छोटे छोटे नोटिस बोर्ड लगवाए थे, लेकिन वह भी गेट से चोरी हो चुके हैं। यात्री जैसे ही एयरपोर्ट के अंदर एंटर करते हैं तो उन्हें सूचना के नाम पर फटा नोटिस बोर्ड मिलता है।
पिछले दो दिनों में नए एयरपोर्ट के बजाय पुराने एयरपोर्ट पर करीब 300 यात्री पहुंचे थे। इनमें ज्यादातर लोग हरियाणा, हिमाचल व पश्चिमी यूपी के शामिल हैं।
ऑटो चालकों ने मनमाना किराया वसूला
बिना साधन के पुराने एयरपोर्ट पर पहुंचने वाले यात्रियों से ऑटो चालक मनमाना किराया वसूल रहे हैं। यात्रियों का कहना है नए टर्मिनल तक छोड़ने का ऑटो चालक 300 रुपये चार्ज कर रहे हैं। वहीं, इस बाबत ऑटो चालकों का कहना है कि मोहाली एयरपोर्ट पर उन्हें 60 रुपये पार्किंग चार्ज देना पड़ता है। जिसकी वजह से वह यात्रियों से ज्यादा किराया ले रहे हैं।