चंडीगढ़। एक्साइज एंड टैक्सेशन विभाग ने सेक्टर-26 स्थित टीपीटी एरिया में एसीएल वाइन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी का शराब का अवैध गोदाम पकड़ा है। गोदाम से भारी मात्रा में शराब बरामद हुई है। सेक्टर-26 थाना पुलिस ने एक्साइज एंड टैक्सेशन विभाग की शिकायत पर एसीएल वाइन प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
बीते 12 जुलाई को दोपहर करीब डेढ़ बजे एक्साइज विभाग की टीम ने एसीएल वाइन प्राइवेट लिमिटेड के गोदाम पर छापा मारा। इसमें पता चला कि यह गोदाम बिना मंजूरी चल रहा है। पुलिस को गोदाम से 9 अलग-अलग ब्रांड की 1366 पेटियां शराब बरामद हुईं। इसके बाद अवैध गोदाम को सील कर दिया गया। सेक्टर-26 थाना प्रभारी ने बताया कि अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। इससे पहले एक्साइज विभाग ने दड़वा में बिना मंजूरी चल रहे एक गोदाम को सील कर शराब की 2803 पेटियां बरामद की थीं। संवाद