सेक्टर- 4 एमएलए हॉस्टल पर फोन टावर पर चढ़ा व्यक्ति अपने यूनियन के प्रधान एवं बात करने आए चंडीगढ़ के
- फोटो : CHANDIGARH
चंडीगढ़। 180 शिक्षकों को नौकरी से हटाने के विरोध में एमएलए हॉस्टल के सामने मोबाइल टावर पर चढ़े शिक्षक सोहन सिंह को समझाकर नीचे उतारने के लिए बुधवार को एसपी सिटी केतन बंसल हाइड्रोलिक मशीन से शिक्षक के पास पहुंचे। एसपी ने शिक्षक को समझाने की कोशिश की तो उसने खुद को आग लगाने की धमकी दे डाली। इसके बाद जब उसे खाने-पीने की सामग्री देने की कोशिश की गई तो उसने टावर से कूदकर जान देने की बात कही। इसके बाद एसपी सिटी वहां से लौट गए।
उधर, बुधवार दोपहर टावर के पास शिक्षकों के धरने पर बैठी शिक्षक सोहन सिंह की पत्नी कुलदीप कौर ने भी खुद को आग लगाने के लिए अपने ऊपर पेट्रोल छिड़क लिया। किसी तरह पुलिस और शिक्षकों ने उनके हाथ से पेट्रोल की बोतल छीनकर उन्हें समझाकर शांत किया। करीब दोपहर एक बजे चंडीगढ़ के एसपी सिटी केतन बंसल, सिविल डिफेंस के सीडीआई संजीव कोहली, दमकल विभाग के ऑपरेटर और ईटीटी टेट पास टीचर यूनियन के प्रधान कमल ठाकुर और स्टेट कमेटी के सदस्य संदीप हाइड्रोलिक मशीन से शिक्षक के पास पहुंचे। केतन बंसल और संजीव कोहली ने शिक्षक सोहन सिंह को पहले तो खाने पीने के लिए पूछा और उसके नजदीक जाने की कोशिश की, लेकिन हाथ में पेट्रोल से भरी बोतल लेकर टावर पर चढ़े सोहन सिंह ने कहा कि मेरे नजदीक मत आओ, नहीं तो मैं खुद कासे आग लगा लूंगा। इसके बाद जब बातचीत करते हुए धीरे-धीरे नजदीक जाने की कोशिश की गई तो उसने नीचे कूदने की धमकी दे डाली। कहा कि पीछे हट जाओ, मैं नीचे कूद जाऊंगा।
एसपी सिटी केतन बंसल ने कहा कि एक शिक्षक होने के नाते आपको ऐसी हरकत नहीं करनी चाहिए। अपनी मांग किसी और तरीके से भी रखी जा सकती है, लेकिन सोहन नहीं माना और अपनी मांग पर अड़ा रहा। करीब 10 मिनट तक ऊपर रुकने के बाद एसपी सिटी समेत सभी लोग नीचे आ गए। वहीं, दोपहर 12 बजे सोहन सिंह की पत्नी ने खुद पर पेट्रोल छिड़क लिया। इस दौरान पुलिस और शिक्षकों ने उन्हें रोका और पेट्रोल सड़क पर गिरा दिया। कुलदीप कौर ने कहा कि सरकार मांगों को किसी भी प्रकार नहीं मान रही, यदि मांग पूरी न हुई तो वह जिंदा नहीं रहेगी।
शिक्षक के पास है खाने-पीने का पर्याप्त सामान
शिक्षक सोहन सिंह पांचवें दिन भी टावर पर डटा रहा। पुलिस के अनुसार, शिक्षक के पास खाने पीने की पर्याप्त सामग्री है इसलिए वह प्रशासन की ओर से दी जाने वाली सामग्री को नहीं ले रहा है। इस दौरान सेक्टर-4 स्थित मोबाइल टावर के पास पुलिस, दमकल विभाग और एनडीआरएफ की टीमें डटी रहीं। इसके अलावा हाइड्रोलिक मशीन भी मौके पर खड़ी है। बता दें कि बीते शनिवार को सेक्टर-4 स्थित एमएलए हॉस्टल के पास पंजाब का एक अनुबंधित शिक्षक पेट्रोल की बोतल लेकर टावर पर चढ़ गया था। वह बार बार एक ही बात दोहरा रहा है कि उसका वेतन 65 हजार से घटाकर 25 हजार रुपये कर दिया है। जब दमकल विभाग और पुलिस की टीमों ने उन्हें नीचे उतारने की कोशिश की तो उसने खुद पर पेट्रोल छिड़क लिया और खुद को आग लगाने की धमकी दी।