हरियाणा के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अशोक खेमका ने अब सीबीआई को निशाने पर लिया है। उन्होंने सोमवार को ट्वीट कर केंद्रीय जांच एजेंसी पर तीखा हमला बोला। 53 तबादले झेल चुके 1991 बैच के आईएएस खेमका ने सीबीआई की कार्यप्रणाली और सालाना बजट पर सवाल उठाए हैं।
उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि सीबीआई का सालाना बजट 800 करोड़ रुपये। किसे सजा हुई, कौन बरी हुआ, किसे लटकाया, जवाबदेही कैसे तय हो? पिछले सालों का ही हिसाब कर लो। किस बड़े आदमी की सजा हुई? हाथी के दांत दिखाने के कुछ और खाने के कुछ और होते हैं।
दो दिन पहले भी खेमका ने भ्रष्टाचार पर तंज कसते हुए ट्वीट किया था कि कभी-कभी किसी अधिनियम को पूर्वव्यापी प्रभाव से संशोधित कर भ्रष्टाचार की निंदा की जाती है। भ्रष्टाचार के सिस्टम को विकास की नींव पर विकसित किया जाता है। कुछ भ्रष्ट लोग वास्तव में धन्य हैं। अंतरराष्ट्रीय भ्रष्टाचार विरोधी दिवस पर सवाल उठाते हुए खेमका ने ट्वीट किया था कि राज्य स्तरीय आयोजन करने से भ्रष्टाचार खत्म नहीं होगा। इसी आयोजन पर कितना पैसा खर्च हुआ, यही पता लगा लें तो भ्रष्टाचार का पता लग जाएगा।
यह भी देखें- हमारे चैनल को सब्सक्राइब भी करें-