हरियाणा के चर्चित आईएएस अधिकारी अशोक खेमका ने पंचकूला में भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम में दर्ज एएफआईआर को पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट में चुनौती दी है। मंगलवार को जस्टिस अविनाश झिंगन खेमका की याचिका पर सुनवाई करेंगे। खेमका के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों में पंचकूला के सेक्टर पांच थाने में एफआईआर दर्ज की गई थी।
हरियाणा वेयरहाउस कॉर्पोरेशन में मैनेजर के पद पर हुई भर्ती में घोटाले की बात उजागर हुई थी। इस मामले में कॉर्पोरेशन के एमडी संजीव वर्मा ने पंचकूला पुलिस को शिकायत दी थी। शिकायत को आधार बनाते हुए पंचकूला पुलिस ने भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम में केस दर्ज किया था। इस मामले में खेमका का नाम सामने आया था, क्योंकि भर्तियों के समय अशोक खेमका एमडी थे।
इस मामले में एफआईआर को रद्द करने की अपील करते हुए खेमका ने हाईकोर्ट की शरण ली है। हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की जा चुकी है, जिस पर जस्टिस अवनीश झिंगन मंगलवार को सुनवाई करेंगे। खेमका की तरफ से हाईकोर्ट के सीनियर एडवोकेट तथा पंजाब के पूर्व एडवोकेट जनरल आरएस चीमा पैरवी कर सकते हैं।