कांग्रेस उम्मीदवार सुरिंदर कौर ने भरा नामांकन
बाजवा बोले- जुलाई में आप सरकार जा रही, चन्नी- भाजपा का उम्मीदवार होम्योपैथी जैसा
बाजवा ने आप उम्मीदवार को साइनाइट और कांग्रेस को बीकासूल का कैप्सूल बताया
संवाद न्यूज एजेंसी
जालंधर। जालंधर पश्चिम उपचुनाव के लिए शुक्रवार को नामांकन का आखिरी दिन था। कांग्रेस उम्मीदवार सुरिंदर कौर ने अपने समर्थकों के साथ नामांकन दाखिल किया। नामांकन भरवाने के लिए वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा, राज्य के पूर्व सीएम और जालंधर लोकसभा सीट से सांसद चरणजीत सिंह चन्नी, आदमपुर से विधायक सुखविंदर सिंह कोटली, शाहकोट से विधायक लाडी शेरोवालिया, विधायक बावा हैनरी, जिला प्रधान राजिंदर बेरी सहित कई वरिष्ठ नेता पहुंचे। उससे पहले पंजाब कांग्रेस प्रधान और लुधियाना से सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग भी मिलने पहुंचे थे।
राजा वड़िंग ने कहा- सुरिंदर कौर को टिकट देने का फैसला सिर्फ मेरा नहीं है, बल्कि उनका भी है जो टिकट के लिए दावेदारी पेश कर रहे थे। सभी की सहमति के साथ सुरिंदर कौर को टिकट देने का एलान किया गया है। उन्होंने कहा- पार्टी वर्करों के फैसले के बाद सुरिंदर कौर को जिम्मेदारी सौंपी है। वहीं, टिकट मिलने को लेकर सुरिंदर कौर ने कहा- मैं कांग्रेस का आभार व्यक्त करती हूं कि उन्होंने मुझ जैसे एक आम कार्यकर्ता को इस लायक समझा। पिछले ढाई साल से मेरा क्षेत्र बर्बाद हो गया है। आप सरकार के राज में बच्चे नशे की लत से मर रहे हैं। यह सब आप सरकार के राज में ही हुआ है। उन्होंने कहा कि मैं पार्षद रहीं हूं, मुद्दों से वाकिफ हूं लोगों के हक लिए लड़ूंगी।
आप के मंत्री और नेता कुछ हद तक नशे में, 13 में से तीन गारंटियों पर रह गए, जुलाई के परिणाम घर बैठा देंगे
जिला कांग्रेस भवन में रखे गए प्रोग्राम में सीएलपी नेता प्रताप बाजवा और सांसद चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा- पंजाब में आप की सरकार बनी और भगवंत मान को सीएम बनाया। भगवंत मान जब पंजाब आए तो इतना नशा बिकने लगा कि उस पर काबू पाना मुश्किल हो गया। अब मुख्यमंत्री मान जालंधर आए हैं तो जालंधर की बारी लेने में लग गए हैं। चन्नी ने कहा कि आप के मंत्री और नेता कुछ हद तक नशे में हैं, वे पंजाब को नशा मुक्त कैसे बना सकते हैं। सीएम मान की गारंटी फेल हो गई है। भाजपा का प्रत्याशी अंगुराल होम्योपैथी दवा की तरह है वह मर्ज को नासूर बना देता है। इसके बाद सीएलपी नेता प्रताप बाजवा ने तंज कसते हुए कहा कि आप का उम्मीदवार साइनाइट और कांग्रेस की सुरिंदर कौर बीकासूल का कैप्सूल हैं लोगों को जिंदगी खुद चुननी है। हमने लोकसभा चुनावों में देखा कैसे 13 गारंटियों वाले तीन पर सिमट गए और 10 जुलाई के बाद राज्य में सरकार की हिलने वाली है।