यूटी ट्रैफिक पुलिस की मुहिम अब तक 361 लोगों के लाइसेंस रद्द करने की सिफारिश संबंधित रजिस्टरिंग एंड लाइसेंसिंग अथारिटी (आरएलए) को भेज चुकी है। पुलिस ने शहर में 9 नवंबर से रेड लाइट जंप करने वाले, ड्राइविंग के समय मोबाइल सुनने वाले, ओवर स्पीड और बिना सीट बेल्ट वालों के खिलाफ स्पेशल मुहिम चला रखी है।
इन यातायात नियमों के उल्लंघन करने पर ट्रैफिक पुलिस उनके लाइसेंस रद्द करवा रही है। अब तक ट्रैफिक पुलिस ने कुल 361 लोगों के लाइसेंसों को रद्द करने के लिए सिफारिश की है।
एसपी ट्रैफिक ईश सिंघल ने बताया कि जो भी वाहन चालक इन चारों नियमों का उल्लंघन करते हुए पाए जाते है तो उनके लाइसेंस रद्द करने के लिए कहा जा चुका है। पकड़े गए लोगों का तीन महीने के लिए लाइसेंस रद्द होगा। साथ में जो जुर्माना है वो भी भरना पड़ेगा।