चंडीगढ़। नगर निगम सदन की 322वीं बैठक मंगलवार को होने जा रही है। बैठक में पार्किंग घोटाला और वित्त एवं अनुबंध कमेटी (एफएंडसीसी) की वित्तीय शक्ति को बढ़ाने के मामले पर जोरदार हंगामा हो सकता है। आम आदमी पार्टी और कांग्रेस ने भाजपा को घेरने की पूरी तैयारी कर ली है। पार्किंग घोटाले में पार्षद सीबीआई की जांच की मांग पर अड़े हुए हैं।30 जनवरी के बाद से नगर निगम की सदन की बैठक में विकास कार्यों के एजेंडों पर विस्तार से चर्चा नहीं हो पाई है, क्योंकि फरवरी माह में बजट की बैठक बुलाई गई थी, जिसमें विकास कार्यों के एजेंड़ों पर चर्चा नहीं हुई थी। इसके बाद फरवरी की सदन की बैठक मार्च के पहले हफ्ते में बुलाई गई, लेकिन वह हंगामे की भेंट चढ़ गई। जब आम आदमी पार्टी के पार्षदों ने पार्किंग घोटाले को लेकर सीबीआई जांच की मांग की तो सदन में काफी हंगामा हुआ। भाजपा के कई नेता भी घोटाले की जांच की मांग करते रहे। सदन की कार्यवाही को आगे नहीं बढ़ने दिया गया और बैठक हंगामे की भेंट चढ़ गई। उसके बाद से अब जाकर मंगलवार को बैठक होने जा रही है। कांग्रेस पार्षद गुरप्रीत सिंह का कहना है कि पार्किंग घोटाले को लेकर जवाब मांगा जाएगा। इसमें भाजपा के नेता मिले हुए हैं, इसलिए मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है। आप पार्षद तरुणा मेहता ने कहा कि पार्टी घोटाले में सीबीआई जांच की मांग पर अड़ी है। मंगलवार को भी निष्पक्ष जांच की मांग होगी।
बैठक में इन एजेंडों पर होगी चर्चा
बैठक में एफएंडसीसी की वित्तीय शक्ति को 50 लाख से बढ़ाकर एक करोड़ रुपये करने, सेक्टर-26 के कम्युनिटी सेंटर का मरम्मत कार्य, मलोया में लो प्रेशर पानी की समस्या को दूर करने के लिए कुछ हिस्सों में पाइप लाइन डालने, 926 डोर-टु-डोर गारबेज कलेक्टर्स के साथ मौजूदा समझौते को चार महीने के लिए आगे बढ़ाने, एनिमल बर्थ कंट्रोल प्रोग्राम को लागू करने, धनास के ईडब्ल्यूएस कॉलोनी में पीसीसी टाइल्स लगाने, शहर के अलग-अलग हिस्सों में टूटी सड़कों को ठीक करने, इंडस्ट्रियल एरिया फेस-2 स्थित राम दरबार के फायर स्टेशन बिल्डिंग का मरम्मत, हॉर्टिकल्चर विभाग द्वारा मशीनों की खरीद, शहर के कई ग्रीन बेल्टों के रखरखाव का कार्य रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन को देने के लिए समझौता करने का प्रस्ताव भी सदन की बैठक में लाया जा रहा है।