चंडीगढ़ बसपा कनवीनर हाफिज अनवर-उल-हक पर छेड़छाड़ का आरोप लगाने वाली छात्रा की गैर मौजूदगी संबंधी पार्षद जन्नत जहां के बयान पर सवाल खड़े हो गए हैं। बेलाविस्टा होटल प्रशासन द्वारा पुलिस को सौंपी गई घटना के दिन की सीसीटीवी फुटेज में छात्रा मौजूद है।
गौरतलब है इस मामले में दोनों पक्ष एक दूसरे के खिलाफ संगीन आरोप लगा रहे हैं। बसपा नेता अनवर उल हक के खिलाफ एक छात्रा ने छेड़छाड़ का गंभीर आरोप लगाया था। जबकि अनवर उल हक की पत्नी और चंडीगढ़ से बसपा पार्षद जन्नत जहां का कहना था कि आरोप लगाने वाली लड़की घटना के दिन मौजूद नहीं थी। लेकिन उनका यह दलील झूठी साबित हुई है। पुलिस को सौंपी गई होटल प्रशासन की सीसीटीवी फुटेज में छात्रा नजर आ रही है।
होटल मैनेजमेंट का बयान, भीतर नहीं जा सकती रिवाल्वर
बसपा पार्षद ने आरोप लगाया था कि कालका की विधायक लतिका शर्मा के पुत्र ने उन पर रिवाल्वर ताना था। हालांकि होटल में किसी भी गेस्ट को बंदूक, रिवाल्वर और अन्य हथियार का ले जाना पूर्णत: प्रतिबंधित हैं। होटल मैनेजमेंट के मुताबिक नियमानुसार होटल के भीतर सिर्फ आन ड्यूटी पुलिस के अलावा कोई दूसरा रिवाल्वर, बंदूक या अन्य हथियार नहीं ले जा सकता। छात्रा और विधायक के अलावा उनके पुत्र ने जन्नत के इस आरोप को सफेद झूठ बताया।
माफी मांगें तो मैं कोई कार्रवाई नहीं करूंगी
जन्नत और हाफिज के मुताबिक अगर सभी आरोपी मीडिया के सामने आकर माफी मांग लें तो वे आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि पहले सभी आरोपी अपनी गलती स्वीकार करें। वे वायदा करते हैं कोई भी कानूनी कार्रवाई नहीं कराएंगे।
16 साल के मेरे बेटे रियाज को भी लगी है चोट
होटल बेलाविस्टा प्रकरण के तीसरे दिन पहली बार नया नाम रियाज का नाम सामने आया है। गौरतलब है कि जन्नत की दो बेटियों के अलावा स्टेप सन रियाज 16 साल का है। जन्नत के मुताबिक जिस दिन पूरा विवाद हुआ उनका बेटा भी साथ था, एक पंच उसकी आंख पर भी लगा था।
तीन दिन बाद भी एफआईआर नहीं
हाई प्रोफाइल मामला होने के बावजूद इस प्रकरण में तीन दिन बाद भी पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं किया है। आरोप लगाने वाली एक एमबीए की छात्रा है। दूसरी चंडीगढ़ नगर निगम की पार्षद जन्नत जहां हैं। दोनों ही शिकायतकर्ताओं के बयान दर्ज कराया है।
मैं आज भी नहीं चाहती थी छात्रा आगे आए: विधायक
छात्रा ने पहले दिन क्यों नहीं रखी अपनी बात? अमर उजाला के सवाल पर विधायक लतिका शर्मा का जवाब था कि छात्रा ने ही सबसे पहले पुलिस को सूचित किया था। शिकायत भी उसी रात दी थी। लेकिन वह अविवाहित है । कल को उसकी शादी भी होनी है, इसलिए वह नहीं चाहती थीं कि मीडिया के सामने आए। मगर छात्रा का हौसला देखकर ही आज उसे मीडिया से रूबरू किया गया है।
कोट-
दोनों शिकायतों की डीडीआर हो चुकी है। जांच जारी है। दोनों पक्षों के मेडिकल हुए हैं। एक्सरे रिपोर्ट सोमवार को मिलेगी और डाक्टरों की राय लेने के बाद नियमानुसार जो कार्रवाई है वह की जाएगी।
अनिल धवन, डीसीपी पंचकूला