विधायकों को विकास का पाठ पढ़ाने में जुटे हरियाणा के मुख्यमंत्री खट्टर के नेतृत्व वाली सरकार में विधायक और मंत्रियों के बीच तल्खी की स्थिति सामने आ रही है।
ताजा वाकया मंगलवार को मुख्यमंत्री निवास का है। यहां आयोजित विधायकों की बैठक में गुड़गांव के विधायक उमेश अग्रवाल और कृषि मंत्री ओम प्रकाश धनखड़ के बीच जमकर हॉट-टॉक हुई। गुड़गांव के एक बिल्डर पर कार्रवाई न होने को ही इसका कारण बताया जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक नोकझोंक भी ऐसी हुई कि बैठक स्थल के बाहर मौजूद मंत्रियों और विधायकों के ड्राइवरों तक बात जा पहुंची। इसके बाद हरियाणा प्रभारी डा. अनिल जैन ने किया प्रकार दोनों नेताओं को शांत कराया।
नोकझोंक की शुरुआत गुड़गांव से जुड़े एक बिल्डर के मुद्दे पर हुई। खास बात है कि कृषि मंत्री ओम प्रकाश धनखड़ गुड़गांव शिकायत निवारण समिति के चेयरमैन हैं। कुछ समय पहले समिति की बैठक में किसी बिल्डर की ओर से अनियमितता बरतने का मसला सामने आया था।
तब धनखड़ ने मामले में एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए थे। बुधवार को विधायकों की बैठक में उमेश अग्रवाल ने यह कह दिया कि बिल्डर पर कार्रवाई तो नहीं हुई, उल्टा उसका फेवर किया जा रहा है। ऐसे में पिछली सरकार और इस सरकार में भला क्या अंतर रह जाएगा।
विधायक की इसी बात पर कृषि मंत्री नाराज हुए। हालांकि उन्होंने उस दौरान तो कुछ नहीं कहा, लेकिन बाहर निकलकर दोनों नेताओं में जमकर बहस हुई।
इस दौरान वहां मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, हरियाणा प्रभारी डा. अनिल जैन और संगठन मंत्री सुरेश भट्ट भी मौजूद थे। सूत्र बताते हैं कि पार्टी का प्रदेश नेतृत्व इस घटना से आहत है।