लंबे इंतजार के बाद चंडीगढ़ के हल्लोमाजरा स्थित पावर ग्रिड के शुरू होने की उम्मीद जगी है। पिछले कई वर्षों से बनकर तैयार इस ग्रिड के शुरू होने से चंडीगढ़ को बिजली आपूर्ति का एक अतिरिक्त स्रोत मिल जाएगा। साथ ही शहर में अगले 15 वर्षों तक बिजली की समस्या भी दूर हो जाएगी। गर्मियों में लगने वाले बिजली कट भी खत्म हो जाएंगे।
पावर ग्रिड के शुरू होने के बाद शहरवासियों को काफी राहत मिलेगी। चंडीगढ़ में अभी 220 केवी का एक, 66 केवी के 13 और 33 केवी के पांच सब स्टेशन हैं। मानदंडों के अनुसार, प्रत्येक सब स्टेशन का जीवन काल 25 वर्ष है। चंडीगढ़ में मौजूद कुछ 66 केवी के सब स्टेशनों ने अपना समय पूरा कर लिया है। इसके अलावा जनसंख्या बढ़ने के साथ शहर में बिजली की खपत तेजी से बढ़ रही है। इस वजह से बिजली के कट लग रहे हैं। पावर ग्रिड के शुरू होने के बाद शहर को 220 केवी का एक सब स्टेशन मिल जाएगा। यह अगले 15 सालों की जरूरत को पूरा करेगा। पावर सप्लाई को बेहतर करने के साथ टी एंड डी लॉस भी कम होगा।
बिजली खरीदने के लिए चंडीगढ़ को हर साल 650 करोड़ रुपये खर्च करने पड़ते हैं। यूटी बिजली विभाग 3.93 रुपये प्रति यूनिट के हिसाब से बिजली खरीदता है। चंडीगढ़ के पास बिजली उत्पादन का अपना कोई जरिया नहीं है। शहर में गर्मियों में रोजाना औसतन 350 से 400 मेगावाट के करीब बिजली की खपत है। बिजली विभाग विभाग केंद्रीय उत्पादन स्टेशनों (सीजीएस) से बिजली खरीदता है। इसमें नेशनल थर्मल पावर कारपोरेशन लिमिटेड (एनटीपीसी), नेशनल हाइड्रोइलेक्ट्रिक पावर कारपोरेशन (एनएचपीसी), न्यूक्लियर पावर कारपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (एनपीसीआईएल), भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (बीबीएमबी) आदि हैं। शहर में 2.47 लाख बिजली उपभोक्ता हैं। इनमें से 2.14 लाख लोग घरेलू बिजली का इस्तेमाल कर रहे हैं जबकि अन्य कामर्शियल, स्मॉल पावर, पब्लिक लाइटिंग और कृषि के कनेक्शन हैं।