बीए के छात्र ने कभी सोचा भी नहीं था कि उसे प्रेम करने की खौफनाक सजा मिलेगी और उसके परिजनों को मिलेगा जिंदगी भर का दर्द। दरअसल हरियाणा के फतेहाबाद/भट्टूकलां के गांव जांडवाला बागड़ में प्रेम-प्रसंग के चलते बीए प्रथम वर्ष के छात्र की हत्या कर शव को खुर्द-बुर्द करने के लिए नहर में फेंकने का मामला सामने आया है।
छात्र का शव बुधवार को नहराणा हेड से बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने मृतक की मां कृष्णा की शिकायत पर ढिंगसरा निवासी दीपक, टोनी, किरढ़ान निवासी युवती अन्नू, रजनीश, पवन तथा अन्नू के परिवार व मामा के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जांडवाला निवासी अमित छह सितंबर को घर पर दोस्त के घर पार्टी में जाने का कहकर गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा। अमित की मां कृष्णा ने इसकी शिकायत भट्टू पुलिस को दी। भट्टू पुलिस ने इस मामले में गुमशुदगी का मामला दर्ज किया था। पुलिस ने जांच शुरू की और अमित के दोस्त दीपक से पूछताछ की।