संवाद न्यूज एजेंसी
जालंधर। समय-समय पर पशुधन को ट्रकों में भर कर एक शहर से दूसरे शहर ले जाने का घिनौना कार्य करने वालों पर शिकंजा कसता रहा है। हिंदू संगठन इसके विरोध में लामबंद होेते रहे हैं। शुक्रवार को भी थाना डिवीजन नंबर-8 के पास हिंदू नेताओं ने पशु मांस से भरा हुआ ट्रक पकड़ लिया।
पकड़ा गया ट्रक उत्तर प्रदेश के मेरठ से रात ढाई बजे चला था जो कि दोपहर डेढ़ बजे लुधियाना के टोल प्लाजा से पार हुआ। बजरंग दल की एक टीम लुधियाना से ट्रक के पीछे लगी थी, लेकिन ट्रक चालक वहां से तो चकमा देकर ट्रक भगाकर ले गया। इसके बाद जालंधर की टीमों को अलर्ट कर दिया गया व बजरंग दल के नेताओं ने जालंधर में ट्रक पकड़ लिया। पता लगा कि उक्त ट्रक उत्तर प्रदेश से चलकर जालंधर पहुंचा था। बजरंग दल के नेता गौरव अरोड़ा ने बताया कि सूचना के आधार पर वह अपनी टीम के साथ पठानकोट चौक पर पहुंच गए थे। जब ट्रक को पकड़ा गया को उक्त ट्रक में 11 टन प्रतिबंधित मांस था। इतना ही नहीं, उक्त मांस की बिल्टी भी बनी हुई थी, जिस पर करीब साढ़े 6 लाख का बिल भी था। थाना डिवीजन नंबर-8 की पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।