आरएलए की ओर शनिवार से सीएच-01-एडी सीरीज के वाहनों पर हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी) लगाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
इस सीरीज के वाहन मालिकों को एक माह के अंदर एचएसआरपी लगवानी होगी। एक दिसंबर के बाद एडी सीरीज के जिन वाहनों पर एचएसआरपी नहीं लगी होगी, उनके चालान काटे जाएंगे। इसकी राशि भी तीन हजार रुपये तक होगी। वहीं, एई सीरीज के वाहनों पर एचएसआरपी लगाने के लिए दिया गया एक माह का समय शुक्रवार को पूरा हो गया।
आरएलए के अधिकारियों के अनुसार, एडी सीरीज के सभी वाहन चालकों को अपने क्षेत्र के संबंधित कार्यालय में एचएसआरपी लगवाने के लिए सादे कागज में आवेदन करना होगा। इसमें उन्हें वाहन का चेसिस नंबर, इंजन नंबर, मेक, मॉडल लिखना होगा।
साथ ही इंश्योरेंस और आरसी की सेल्फ अटेस्टेड फोटोकॉपी भी आवेदन के साथ लगानी होगी। एचएसआरपी के लिए आवेदन करने के बाद वाहन मालिकों को एक निर्धारित तिथि पर बुलाया जाएगा और उस दिन उनके वाहन पर एचएसआरपी फिक्स कर दी जाएगी।
यहां लगेंगी एचएसआरपी
सेक्टर-17 स्थित आरएलए
सेक्टर-42 स्थित एसडीएम (साउथ) दफ्तर
इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एसडीएम (ईस्ट) कार्यालय
चालान के रेट
चार पहिया वाहन- 3000
दो पहिया वाहन- 2000
पुरानी सीरीज वालों के लिए भी मौका
आरएलए की ओर से अब तक जिन पुरानी सीरीज के वाहनों पर एचएसआरपी लगाई गई है और इस सीरीज के जिन वाहन मालिकों ने अभी तक एचएसआरपी नहीं लगवाई है, वे भी चालान से बचने के लिए एचएसआरपी लगवाने का आवेदन कर सकते हैं।