सुरक्षा की मांग के एक अजीब मामले में पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने पंजाब सरकार सहित अन्य प्रतिवादियों को नोटिस जारी कर जवाब तलब कर लिया है। मामला रोचक इसलिए है कि पहले लड़की ने प्रेमी के साथ रहने को सुरक्षा मांगी। इसके बाद जब वह मायके पहुंची तो वारंट ऑफिसर के सामने कहा कि वह परिवार के साथ रहना चाहती है प्रेमी संग नहीं। अब फिर से उसी प्रेमी के साथ रहने के लिए सुरक्षा की मांग कर दी है।
याचिका में बताया गया कि प्रेमी जोड़े ने 19 मार्च को सुरक्षा की मांग को लेकर हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की थी। हाईकोर्ट ने प्रेमी जोड़े की सुरक्षा की मांग पर संगरूर के एसएसपी को निर्णय लेने का आदेश दिया था। इसके बाद लड़के ने सितंबर में हाईकोर्ट में याचिका दायर कर बताया था कि उसके परिजन जबरन उसे घर से उठाकर ले गए हैं। हाईकोर्ट ने लड़की को छुड़ाने के लिए वारंट ऑफिसर नियुक्त किया लेकिन लड़की ने कहा कि वह अपने अभिभावकों के साथ रहना चाहती है प्रेमी संग नहीं। लड़की के बयान पर हाईकोर्ट ने याचिका का निपटारा कर दिया था।
अब लड़की ने उसी लड़के के संग रहने के लिए हाईकोर्ट से सुरक्षा की मांग कर दी है। लड़की ने बताया कि वह 2 नवंबर को मायके से भाग कर अपने प्रेमी के पास आ गई थी। वारंट ऑफिसर के समक्ष दिया गया बयान परिवार के दबाव में दिया गया था। अब वह अपने पति के साथ रहना चाहती है और उसे अभिभावकों से खतरा है। ऐसे में उन्हें सुरक्षा मुहैया करवाई जाए ताकि वह निश्चित होकर अपना जीवन व्यतीत कर सकें। हाईकोर्ट ने याचिका पर अब पंजाब सरकार सहित अन्य प्रतिवादियों को नोटिस जारी कर जवाब मांग लिया है।