चंडीगढ़। गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (जीएमसीएच) सेक्टर-32 में एमबीबीएस प्रवेश प्रक्रिया में शुक्रवार को चयनित अभ्यर्थियों के स्वास्थ्य परीक्षण के बाद फीस भरी गई। स्टेट कोटे के तहत बीते वीरवार को हुई पहली काउंसलिंग के ही सभी 135 सीटों पर अभ्यर्थियों का चयन कर लिया गया है। पहले दिन दस्तावेज जमा करने की प्रक्रिया पूरी की गई थी। वहीं अगले दिन स्वास्थ्य परीक्षण की प्रक्रिया पूरी की गई। इसमें अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए जीएमसीएच-32 प्रशासन ने लैब से लेकर मेडिकल चेकअप तक के लिए अलग-अलग टीमें तैनात कर रखी थीं। प्रक्रिया लंबी होने के कारण देर शाम तक स्वास्थ्य परीक्षण व फीस जमा करने का काम चला। कॉलेज के डीन एकेडमिक प्रो. एके अत्री ने बताया कि एमबीबीएस की सभी सीटों पर एडमिशन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इसके बावजूद दूसरी काउंसलिंग भी तय तिथि पर की जाएगी।
होम्योपैथी कॉलेज की काउंसलिंग टली
दूसरी तरफ शुक्रवार को जीएमसीएच 32 में आयोजित होने वाली होम्योपैथी कॉलेज की काउंसलिंग टल गई। होम्योपैथी कॉलेज के 50 सीटों पर छात्रों को प्रवेश दिया जाना था। फिलहाल काउंसलिंग की अगली तिथि होमियोपैथी कॉलेज प्रशासन ही घोषित करेगा।
पीयू डेंटल कॉलेज में 87 अभ्यर्थियों को मिला दाखिला
बीडीएस की सेंट्रल पूल की 10 सीटें खाली, तीन सीटों पर दूसरी काउंसलिंग में मिलेगा प्रवेश
माई सिटी रिपोर्टर
चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी के डॉ. हरवंश सिंह जज इंस्टीट्यूट ऑफ डेंटल साइंसेज एंड हॉस्पिटल में शुक्रवार को 100 सीटों पर दाखिला काउंसलिंग हुई। इसमें 87 उम्मीदवारों को दाखिला मिला। हालांकि सेंट्रल पूल की 10 सीटें खाली बची हैं, इन पर केंद्र सरकार की ओर से अभ्यर्थियों का नाम दाखिले के लिए भेजा जाता है। वहीं तीन अन्य खाली सीटों पर दूसरी काउंसलिंग में दाखिला दिया जाएगा।
पीयू डेंटल कॉलेज में 100 सीटों पर 241 आवेदन आए थे। पहली काउंसलिंग में 87 उम्मीदवारों को दाखिला दिया गया है। इसमें जनरल कोटे के साथ आरक्षित एससी/एसटी/बीसी, पीडब्ल्यूडी, एनआरआई की भी दाखिला प्रक्रिया करवाई गई। दूसरी काउंसलिंग 10 नवंबर को होगी। उधर, यूजी की कक्षाएं 15 नवंबर से शुरू होंगी। इन अभ्यर्थियों को नीट की मेरिट के आधार पर दाखिला दिया गया है।