चंडीगढ़। यूटी कैडर एजुकेशनल इंप्लाइज यूनियन की ओर से शुक्रवार को बैठक आयोजित की गई। इस दौरान स्कूलों में चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों की तनख्वाह समय पर देने की मांग रखी गई। इसके साथ ही शहर के स्कूलों से दसवीं पास करने वाले छात्रों को ग्यारहवीं के दाखिला में 85 प्रतिशत आरक्षण की मांग रखी।
यूनियन के अध्यक्ष स्वर्ण सिंह कंबोज ने बताया कि चतुर्थ श्रेणी के ठेके पर काम कर रहे कर्मचारियों को सितंबर का वेतन नहीं मिला है। दीवाली का त्योहार कर्मचारियों ने बिना वेतन के ही निकाला है। विभाग को ठेके और कांट्रैक्ट पर कार्यरत सभी कर्मचारियों की तनख्वाह को समय पर जारी करने के लिए नियम बनाना चाहिए। इसके अलावा चंडीगढ़ से दसवीं की पढ़ाई करने वाले छात्रों के लिए 11वीं में 85 प्रतिशत सीटें आरक्षित होनी चाहिए। 11वीं में दूसरे राज्यों के छात्र आकर शहर के स्कूलों में दाखिला लेते हैं। इस कारण शहर के छात्रों का हक मारा जाता है। इस मौके पर भूपिंदर कौर बराड़, सोहन लाल, परदीप कुमार, दिनेश पटियाल, अमरदीप सिंह, रंजीत पाल, अभिषेक वशिष्ठ, कमलप्रीत सिंह और परमजीत सिंह राठौड़ भी मौजूद रहे।