एसआईटी को लिखे पत्र में प्रकाश सिंह बादल ने कहा- मुझे शायद ही इस बात पर जोर देने की जरूरत है कि लोगों के सेवक के रूप में अपने लंबे कॅरियर के दौरान, मैं न केवल देश के कानून का पालन करने वाला नागरिक रहा हूं, बल्कि हमेशा यह सुनिश्चित किया है कि देश के कानून को सर्वोच्च सम्मान दिया जाए। इसलिए मैं चल रही जांच में सहयोग करने के लिए प्रतिबद्ध हूं। हालांकि, मेरी वर्तमान स्वास्थ्य स्थिति मुझे आपके द्वारा निर्धारित की गई तिथि पर जांच में शामिल होने के लिए उपलब्ध होने की अनुमति नहीं देती है। मेरे चिकित्सक ने मुझे 10 दिन के पूर्ण आराम की सलाह दी है। जैसे ही मेरा स्वास्थ्य बेहतर होगा, मैं अपने निवास स्थान, चंडीगढ़ में जांच में शामिल होने के लिए उपलब्ध रहूंगा। मैं आपसे अनुरोध करता हूं कि जांच के लिए मेरी उपस्थिति की तिथि को फिर से निर्धारित करें।
बादल का हो नार्को टेस्ट: आप
आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के विधायक और किसान विंग के प्रांतीय अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां ने प्रदेश में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की बेअदबी को लेकर हो रही राजनीति की आलोचना की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि कांग्रेस सरकार, बादल परिवार को बचाने के लिए नई जांच टीम द्वारा केवल नाटक कर रही है। सरकार दोषियों को बचाने के लिए केवल जांच प्रक्रिया के नाम पर खानापूर्ति कर रही है। यह सब करने के बजाय पूर्व मुख्यमंत्री का नार्को टेस्ट करवाना चाहिए।