इस्माईलाबाद के गांव लोटनी में डिपो होल्डर की ओर से भीगा हुआ सीलन युक्त गेहूं बांटने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने कहा कि डिपो होल्डर मनमानी कर रहा है।
ग्रामीण माया देवी, प्रवीन, प्रेम चंद नंबरदार, रामेश्वर, कृष्ण चंद, हरबंस कौर, रोशनी, विकास, मेवा राम तथा जरनैल सिंह ने बताया कि उनके गांव को डिपो होल्डर छज्जू राम अच्छी क्वालिटी की गेहूं अपने पास रख लेता है और खराब गेहूं उन्हें वितरित कर देता है।
इस बात की उन्होंने कई बार खाद्य एवं आपूर्ति विभाग को शिकायत भी की। लेकिन इस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस माह भी डिपो होल्डर उन्हें वहीं दूषित गेहूं दे रहा है।
कुछ ग्रामीणों ने कहा कि उनके नए राशन कार्ड खाद्य सुरक्षा योजना के तहत बनकर आ चुके हैं। लेकिन डिपो होल्डर राशन देने से मना कर रहा है।
उन्होंने कहा कि मामले में ग्रामीणों का एक प्रतिनिधि मंडल कुरुक्षेत्र में डीसी से मिल कार्रवाई की मांग करेगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण डिपो होल्डर के खिलाफ आंदोलन करने से भी पीछे नहीं हटेंगे।
दुकान में थी सीलन: डिपो होल्डर
इस बारे में गांव के डिपो होल्डर छज्जू राम से बात की तो उन्होंने बताया कि कभी भी किसी राशन कार्डधारक को दूषित गेहूं नहीं दिया।
ग्रामीण जो गेहूं दिखा रहे हैं यह गेहूं दुकान में सीलन के कारण भीगा था। भीगे अनाज के तीन कट्टे अलग रख दिए थे। नए कार्ड धारकों को गेहूं न देने के बारे में उन्होंने कहा कि जो लिस्ट सप्लाई विभाग से मिलती है उसी के अनुसार गेहूं वितरित कर रिकॉर्ड में दर्ज किया जाता है।