हिसार में रविवार को दोपहर बाद मौसम साफ हुआ लेकिन शीतलहर से लोग परेशान रहे। फतेहाबाद में न्यूनतम तापमान में तीन डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। भिवानी, सिरसा और चरखी दादरी में दोपहर में धूप खिलने से लोगों को राहत मिली।
घना कोहरा, कड़ाके की सर्दी और शीतलहर का यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने सोमवार से कड़ाके की सर्दी (कोल्ड-डे) और 25 से 27 तक शीतलहर की चेतावनी जारी की है। प्रदेश में घना कोहरा छाने का यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग का अनुमान है आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है।
720 फीसदी ज्यादा बारिश
एक से 23 जनवरी तक प्रदेश में 67.3 एमएम औसत बारिश हो चुकी है। जो 720 फीसदी ज्यादा है। इस अवधि में हरियाणा में सामान्य तौर पर 8.2 एमएम बारिश होती है। रविवार को प्रदेश में 11.8 एमएम औसत बारिश हुई।
ठंड से राहत के नहीं आसार
हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभाग के अध्यक्ष डॉ. एमएल खीचड़ ने बताया कि सोमवार से मौसम कुछ साफ हो सकता है लेकिन दिनभर बादल छाए रह सकते हैं। शीतलहर चलने के साथ गलन बढ़ेगी।
बर्फबारी और बारिश के चलते कालका-शिमला ट्रैक पर रेलगाड़ियों का संचालन बंद
हिमाचल में अधिक बर्फबारी व बारिश के चलते उत्तर रेलवे अंबाला मंडल की ओर से कालका-शिमला ट्रैक पर रेलगाड़ियों का संचालन बंद कर दिया गया है। पहाड़ी क्षेत्र में खराब मौसम के कारण ट्रैक पर पत्थर गिर रहे हैं। यात्रियों की सुरक्षा के लिहाज से अंबाला मंडल के डीआरएम ने ट्विटर पर शनिवार शाम सूचना जारी की। सोमवार भी इस मार्ग पर ट्रेनें नहीं चलेंगी।