पहाड़ों पर बर्फबारी के कारण प्रदेश भर में चल रही शीत लहर के चलते पारा जमाव बिंदु पर पहुंच गया है। हिसार में रात भर पाला पड़ा और पिछले 10 वर्षों में चौथी बार रात्रि तापमान जमाव बिंदु पर पहुंचा। रात्रि तापमान 0.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हिसार का रात्रि तापमान इससे पहले वर्ष 2018 में 26 दिसंबर को माइनस 1 डिग्री पहुंच गया था।
माइनस 1.5 डिग्री रहा है ठंड का रिकॉर्ड
हिसार जिले में ठंड का रिकॉर्ड वर्ष 1973 में बना। तब 29 दिसंबर 1973 की रात का तापमान माइनस 1.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया था। पिछले 10 वर्षों की बात करें तो 26 नवंबर 2018 में यह माइनस एक डिग्री, 29 दिसंबर 2013 को माइनस 0.8 डिग्री, 25 दिसंबर 2011 को 0.0 डिग्री और 28 व 29 दिसंबर 2019 को रात्रि तापमान 0.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।