प्रदेश में पिछले पांच दिन से हो रही बारिश से मंगलवार से राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि मौसम के साफ होते ही कड़ाके की सर्दी का दौर शुरू होगा। मौसम विभाग ने 13 और 14 जनवरी को शीतलहर का पूर्वानुमान जारी किया है। इस दौरान घना कोहरा भी छाएगा। न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी।
इधर, रविवार को भी प्रदेश में अच्छी बारिश हुई। गेहूं को छोड़कर सभी फसलों व सब्जियों को नुकसान हुआ है। तेज हवा और बारिश से सरसों की फसल खेतों में बिछ गई। पंचकूला जिले में 100 से ज्यादा गांवों में आलू और सरसों की फसल बर्बाद हो गई। प्रदेश में पंचकूला में दिन का तापमान 12.8 डिग्री सेल्सियस रहा जो प्रदेश में सबसे कम रहा। वहीं फतेहाबाद में न्यूनतम तापमान 7.1 डिग्री सेल्सियस रहा।