हरियाणा के सरकारी अस्पतालों में फार्मासिस्ट टेक्निकल अपरेंटिस (ऑन जॉब ट्रेनिंग) लगाए जाएंगे। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग के 22 जिला नागरिक अस्पतालों में प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। हर जिले के अस्पताल में अधिनियम 1961 के तहत राष्ट्रीय अपरेंटिसशिप प्रशिक्षण कार्यक्रम से पांच-पांच टेक्निकल अपरेंटिस रखे जाएंगे।
अधिनियम के अनुसार 8000 रुपये प्रति अपरेंटिस मासिक स्टाइपंड दिया जाता है, जिसमें से केंद्र की ओर से हर अपरेंटिस के लिए 1500 रुपये मासिक की दर से प्रतिपूर्ति की जाती है। उन्होंने बताया कि पूरे देश में चेन्नई, मुंबई, कोलकाता तथा कानपुर चार अपरेंटिसशिप प्रशिक्षण बोर्ड हैं और उत्तरी क्षेत्र का केंद्रीय कार्यालय कानपुर में है।
27 एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस खरीदेगी सरकार
हरियाणा में स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करते हुए सरकार 27 एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस खरीदेगी। ताकि इमरजेंसी में मरीजों की जान बचाई जा सके। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने हरियाणा चिकित्सा सेवा निगम लिमिटेड (एचएमएससीएल) के माध्यम से वित्तीय वर्ष 2020-21 के लिए स्वीकृत राज्य बजट के तहत 27 एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस और 47 मेडिकल मोबाइल यूनिट की खरीद के लिए प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।