हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज
- फोटो : फाइल फोटो
विधानसभा सेशन के बाद खेल मंत्री अनिल विज रियो ओलंपिक जाने वाले खिलाड़ियों से मुलाकात करेंगे। इसके पीछे विशेष वजह बताई जा रही है। मंत्री अनिल विज ने कहा है कि खेलों के स्तर को बढ़ाने के लिए बहुउद्देश्य योजना बनाई गई है। उन्होंने बताया कि रियो ओलंपिक में भाग लेने वाले प्रदेश सभी खिलाड़ियों को विधानसभा सत्र के बाद चंडीगढ़ में बैठक के लिए बुलाया जाएगा। उनसे खेलों के स्तर में सुधार के लिए सुझाव लिए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि हमें धरातल पर खेलों को मजबूत करना होगा। उन्होंने बताया कि इस बहुउद्देश्यीय योजना के तहत प्रत्येक जिले में 20-20 खेल नर्सरियां खोली जाएंगी और जो स्कूल इन नर्सरियों को लेगा, उनके बच्चों को 1500-1500 रुपये छात्रवृत्ति भी दी जाएगी। उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त कोच का वेतन और उपकरणों की खरीद के लिए एक लाख रुपये से लेकर 1.25 लाख रुपये तक की राशि भी उपलब्ध करवाई जाएगी।
उन्होंने बताया कि लोगों को खेलों व स्वास्थ्य के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए दो एकड़ भूमि में योग व व्यायामशालाएं भी खोली जा रही है। हरियाणा के 6500 गांवों में यह योग व व्यायामशालाएं तैयार की जाएगी और अभी 1000 गांवों में योग व व्यायामशालाएं खोलने का कार्य शुरू कर दिया गया है। इन योग व व्यायामशालाओं में, उस क्षेत्र के विशेष खेलों को रखा जाएगा जैसे कि कबड्डी, वालीबाल। उन्होंने इन योग व व्यायामशालाओं में स्टाफ को भी भर्ती किया जाएगा।