पुलिस से बचने के लिए हरियाणा के बदमाशों ने धार्मिक स्थलों के अंदर बाबा और पुजारी बनकर रहना शुरू कर दिया है। चार माह में पुलिस ने 10 से अधिक फरार बदमाशों को बाबा के भेष में राजस्थान और यूपी से गिरफ्तार किया है। जबकि कई बदमाश चिह्नित किए गए हैं।
पुलिस को शक है कि उक्त बदमाश भी राजस्थान, यूपी और दिल्ली में बाबा बनकर शरण लिए हुए हैं। बदमाशों पर शिकंजा कसने को एसटीएफ ने राजस्थान, यूपी और दिल्ली पुलिस को पत्र भेजा है। बदमाशों पर शिकंजा कसवाने में सहयोग की अपील की गई है।
दो दिन पूर्व ही पुलिस ने फरमाणा गांव के बिजेंद्र को गिरफ्तार किया। बिजेंद्र ने खुलासा किया कि वह 16 साल से साले की पत्नी की हत्या के मामले में फरार चल रहा था। पुलिस के पकड़ में नहीं आने का मुख्य कारण बताया कि वह राजस्थान के नरड़ पीर पर बाबा बनकर रह रहा था।
मार्च में एसटीएफ ने पांच हजार के इनामी सुनील को गिरफ्तार किया। सुनील ने खुलासा किया कि वह पुलिस से बचने को यूपी के शामली के एक मंदिर में पुजारी बनकर रह रहा था। छह साल बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया था।
2 जनवरी को पुलिस ने राजस्थान के जयपुर से हरियाणा के मोस्ट वांटेड संदीप को गिरफ्तार किया। जो कई साल से मंदिर में बाबा बनकर रह रहा था।
फरार बदमाशों पर आसपास के प्रदेशों की पुलिस से मिलकर शिकंजा कसा जा रहा है। जल्द ही फरार बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-सतीश कुमार, डीआईजी, एसटीएफ