हरियाणा के लिए बसें नहीं चलने से लोग पांचवें दिन भी परेशान रहे। सेक्टर-17 स्थित आईएसबीटी से शनिवार को भी हरियाणा रोडवेज की एक भी बस नहीं चली। इससे यात्री खासे परेशान रहे। जिन लोगों ने वोल्वो में अपनी टिकट बुक कराई उन्हें अधिक चिंता हो रही है। हरियाणा रोडवेज के पूछताछ काउंटर पर लोग पूछने के लिए आ रहे हैं। वोल्वो की एडवांस टिकट बुक कराने वाले मुसाफिर भी बस अड्डे आकर इसकी पड़ताल कर रहे हैं।
वोल्वो की सभी बसें एडवांस में फुल हैं। आईएसबीटी सेक्टर-17 से हरियाणा रोडवेज की 34 बसें वोल्वो चलती हैं। जानकारी के अनुसार 21 अक्तूबर सुबह 6 बजकर 40 मिनट से 22 अक्तूबर सुबह 6 बजकर 40 मिनट के बीच चलनेवाली सभी वोल्वो बसों की टिकटें एडवांस में बुक हैं। हड़ताल होने के कारण बसें नहीं चल रही हैं। ऐसे में वोल्वो की बुक टिकटों के पैसेंजरों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
सीटीयू और पंजाब रोडवेज की चांदी
हरियाणा रोडवेज की हड़ताल के कारण सीटीयू और पंजाब रोडवेज की बसों की रफ्तार तेज हो गई है। सीटीयू की हर रोज आईएसबीटी-17 से 8 एसी और 12 नॉन एसी बसें चलती हैं। शनिवार को सीटीयू ने 12 अतिरिक्त बसों को उतारा जबकि पंजाब रोडवेज ने 15 अतिरिक्त बसों को चलाया है।
वहीं, चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट वर्क्स यूनियन के प्रधान जसवंत सिंह ने बताया कि बैठक करके फैसला लिया है कि यूनियन हरियाणा रोडवेज के हड़ताली कर्मचारियों के साथ है। 21 अक्तूबर को सुबह से ही हरियाणा के लिए सीटीयू की एक भी बसें नहीं चलेगी। यूनियन ने अल्टीमेटम दिया है कि यदि हरियाणा सरकार हड़ताली कर्मचारियों की मांगे नहीं मानती तो और कड़ा फैसला लेंगे।