सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा ने रोडवेज के हड़ताली कर्मचारी नेताओं को गिरफ्तार करने की घोर निंदा की है। सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के महासचिव सुभाष लांबा ने कहा कि एस्मा लगाने, नेताओं को गिरफ्तार करने, निलंबित करने से हड़ताल को कमजोर नहीं किया जा सकता। सरकार के इन हथकंडों से आंदोलन और भड़क सकता है।
उन्होंने कहा कि रविवार को सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा, हरियाणा संयुक्त कर्मचारी संघ, शिक्षक तालमेल कमेटी, आल हरियाणा पावर कारपोरेशन वर्कर यूनियन, नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा, मेकेनिकल वर्करस यूनियन, हरियाणा टूरिज्म कर्मचारी संघ, शिक्षा विभाग कर्मचारी तालमेल कमेटी आदि संगठनों की मीटिंग आयोजित की जाएगी। इसमें आपसी सहमति से रोडवेज कर्मचारियों की हड़ताल के समर्थन और सरकार की हठधर्मिता के खिलाफ हड़ताल का निर्णय लिया जा सकता है।
आला अफसर और परिवहन मंत्री कर्मचारी नेताओं से बातचीत कर हड़ताल खत्म करने का हरसंभव प्रयास कर चुके हैं। कुछ कर्मचारी नेता अन्य रोडवेज कर्मियों को भड़काकर हड़ताल को लंबा खींच रहे हैं, जिससे जनता खासी परेशान हो रही है। - धनपत सिंह, एसीएस, परिवहन विभाग
शनिवार को सरकार ने दो हजार से अधिक बसों के सड़कों पर उतरने का दावा किया, लेकिन यात्रियों को कोई राहत नहीं मिलीं। लंबी दूरी पर बसें कम ही चलीं। आसपास के जिलों तक चलने वाली बसों ने भी एक-दो ही फेरे लगाए। इस बीच दिहाड़ी के चालकों ने कई बसों को खराब करके वर्कशॉप में पहुंचा दिया है। अनुभवहीन चालकों ने कई जगहों पर हादसे किये। निजी बसों में परिचालक ने छात्राओं के साथ बदतमीजी की। अधिक पैसा लेकर कम पैसे का टिकट देने के भी आरोप लगे।
अब होगा आरपार का आंदोलन : कमेटी
हरियाणा रोडवेज कर्मचारी तालमेल कमेटी के नेताओं ने संयुक्त बयान में सरकार पर आरोप लगाया कि वह राजनीतिक संरक्षण में प्रभावशाली लोगों की बसें महंगे रेट पर बेडे़ में लाना चाहती है। सरकार की मंशा स्टाफ की कमी और टायरों की कमी के कारण विभिन्न डिपो में खड़ी करीब 800 बसों का संचालन करवाने की नहीं है। तालमेल कमेटी के सदस्यों ने हड़ताल को लंबा खिंचवाने का सबसे ज्यादा जिम्मेदार विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव धनपत सिंह को ठहराया है।
सरकार का दावा
- 30 ड्राइवर, 10 कंडक्टर, 10 मकैनिक, 20 नियमित, 10 प्रोबेशन का स्टाफ काम पर लौट आया है। शनिवार को सड़कों पर 2405 बसें दौड़ीं।
- 136 ड्राइवर-कंडक्टर और 2 क्लर्क और हुए निलंबित, उनके खिलाफ एस्मा के तहत केस दर्ज कराया गया है।
- आउट सोर्सिंग पॉलिसी के तहत 905 कंडक्टरों की भर्ती के लिए मेरिट लिस्ट तैयार। शीघ्र जारी होगी सूची।
- 1059 सोसायटी और आरटीए के माध्यम से 120 निजी बसें विभिन्न रूटों पर चलीं।