सीएम मनोहर लाल के तेवर हड़ताली कर्मचारियों पर सख्त हैं। सीएम ने पंचकूला के ताऊ देवीलाल स्टेडियम में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि जनता के लिए पॉलिसी बनाना सरकार का काम है। रोडवेज कर्मचारी अपनी सीमा में रहें। यूनियनें केवल कर्मचारियों के लिए हित के लिए दखल दे सकती हैं, लेकिन जनता के लिए जो भी पॉलिसी बनानी है, वह सरकार बनाएगी। रोडवेज यूनियनों को उसमें दखल देने का कोई अधिकार नहीं है।
गुप्त बैठक में बनाई वार्ता की रणनीति
हरियाणा रोडवेज तालमेल कमेटी की आपात बैठक चंडीगढ़ में गुप्त स्थान पर हुई। कमेटी के वरिष्ठ सदस्य हरिनारायण शर्मा, इंद्र बधाणा, दलबीर किरमारा, अनूप सहरावत, जयभगवान कादियान, बाबूलाल यादव, पहल सिंह तंवर, सरबत पूनिया, बलवान सिंह दोदवा, ओमप्रकाश ग्रेवाल, रामकुमार वर्मा व आजाद गिल ने बैठक में बुधवार को परिवहन मंत्री के साथ होने वाली वार्ता की रणनीति तैयार की।
सरकार की ओर से वार्ता में शामिल होने के लिए यूनियन प्रधान विरेंद्र धनखड़, हरिनारायण शर्मा, इंद्र सिंह बधाणा, दलबीर सिंह किरमारा, अनूप सहरावत, जय भगवान कादियान व बाबू लाल यादव को बातचीत का न्योता भेजा गया है। वार्ता में यूनियनों की ओर से प्रधानों के साथ महासचिव भी शामिल होंगे। बैठक में किलोमीटर स्कीम रद्द होने तक चक्काजाम लगातार जारी रखने का फैसला लिया गया है।
हरियाणा रोडवेज कर्मचारी तालमेल कमेटी ने कहा कि हड़ताल के 8वें दिन भी जारी रहने से प्रदेश में त्राहि-त्राहि मची हुई है। जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है लेकिन सरकार झुकने को तैयार नहीं है। उत्पीड़न की कार्रवाई कर कर्मचारियों की एकजुटता को सरकार नहीं तोड़ सकती। अब यह रोडवेज का नहीं, बल्कि जन-आंदोलन बन चुका है। साढ़े तीन कर्मचारी समर्थन में उतर चुके हैं। सरकार जल्दी नहीं मानी तो जनजीवन अस्त-व्यस्त हो जाएगा।
डीजी कार्यालय का मिनिस्ट्रीयल स्टाफ हड़ताल पर जाएगा
महानिदेशक परिवहन कार्यालय के मिनिस्ट्रयल स्टाफ ने भी सरकार के रवैये के खिलाफ महानिदेशक को हड़ताल पर जाने का ज्ञापन सौंप दिया है। किसी भी समय कर्मचारी कामकाज ठप कर सकते हैं। इससे परिवहन मुख्यालय पंगु हो जाएगा।
200 बसों एक ट्रांसपोर्टर को देने के वायरल वीडियो की हो जांच
तालमेल कमेटी ने आरोप लगाते हुए कहा कि किलोमीटर स्कीम के नाम पर बड़ा घोटाला होने जा रहा है। 22 अक्टूबर को एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें उच्च अधिकारी बहादुरगढ़ के किसी बड़े ट्रांसपोर्टर से 200 बसें हायर कर किलोमीटर स्कीम पर चलाने की बातें कर रहे हैं। सीएम मनोहर लाल इस वीडियो की जांच कराएं।