तालमेल कमेटी के वरिष्ठ सदस्य बलवान सिंह दोदवा ने कहा कि अनुभवहीन चालक रोज एक्सीडेंट कर रहे हैं। इससे यात्रियों की जान को खतरा बना रहता है। रविवार को चंडीगढ़ डिपो की वोल्वो एचआर-68-9962 करनाल के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। जिसमें अनेक यात्रियों को चोटें आई हैं। वोल्वो को अनुभवहीन चालक सुरेंद्र चला रहा था। जिसे 300 रुपये रोजाना की दिहाड़ी पर रखा गया है। इसकी सारी जिम्मेदारी चंडीगढ़ डिपो के महाप्रबंधक की है। महाप्रबंधक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जाए। दोदवा ने बताया कि कुछ दिन पहले ही इस वोल्वो बस की मरम्मत पर 28 लाख रुपये खर्च किए गए थे। पूरे खर्च की भरपाई महाप्रबंधक की सैलरी से होनी चाहिए।
रोडवेज कर्मचारी छोड़ें अड़ियल रवैया : धनपत सिंह
परिवहन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव धनपत सिंह ने कहा कि सरकार कर्मचारियों के साथ वार्ता को हर वक्त तैयार है। कर्मचारी किलोमीटर स्कीम रद्द करने को लेकर अड़ियल रवैया छोड़ें। उन्होंने बताया कि रविवार को रोडवेज सहित कुल 2503 बसें सड़कों पर उतरीं। 350 कर्मचारी काम पर लौट आए हैं। शनिवार के मुकाबले रविवार को 100 बसें अधिक सड़कों पर दौड़ीं। धनपत सिंह ने कर्मचारियों से आह्वान किया है कि सरकार उनकी सभी जायज मांगों पर सहानुभूति पूर्वक विचार करने को तैयार है।
चुनावी साल में सरकार के लिए आंदोलन नहीं उचित
हरियाणा सरकार चुनावी साल में प्रवेश कर चुकी है। ऐसे में रोडवेज सहित अन्य कर्मचारी संगठनों का आंदोलन उसके लिए नुकसानदायक हो सकता है। सरकार को आंदोलन से निपटने की रणनीति बदलते हुए कर्मचारियों के साथ चल रहा टकराव टालना होगा। लोकसभा के साथ विधानसभा चुनाव हुए तो सरकार के पास छह महीने से भी कम समय रह गया है। ऐसे में कर्मचारियों की नाराजगी मोल लेने के लिए बजाय उन्हें अभी साधना होगा।