हरियाणा राज्य चुनाव आयोग ने 14 नगर परिषदों और 28 नगरपालिकाओं के चुनाव कराने की तैयारी पूरी कर ली है। आम चुनाव के लिए कुल 3338 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। जिनमें से 14 नगर परिषदों के लिए 1730 और 28 नगरपालिकाओं के लिए 1608 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। नगरपालिकाओं के चुनाव में 997 पुरूष और 733 महिला उम्मीदवार हैं जबकि नगरपरिषदों के चुनावों में 860 पुरूष और 748 महिला उम्मीदवार हैं।
नगरपरिषद् रेवाड़ी के वार्ड नंबंर 1 कुल 6 पुरूष उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं, नगरनिगम पानीपत के वार्ड नंबर 9 के लिए दो महिला उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। जबकि नगरपालिका, कलानौर के वार्ड नंबर 7 के उप-चुनाव के लिए दो पुरूष उम्मीदवार चुनाव में हैं। हरियाणा राज्य चुनाव आयुक्त राजीव शर्मा ने बताया कि नगर परिषदों के चुनाव के लिए सर्वसम्मति से आठ उम्मीदवारों को चुना गया है जिनमें तीन पुरूष व पांच महिलाएं शामिल हैं। जिनमें हांसी से दो महिलाएं, सोहना व जींद से एक-एक पुरूष, नारनौल, पलवल, नरवाना और गोहाना से एक-एक महिला उम्मीदवार शामिल हैं।
इसी प्रकार, नगरपालिका चुनाव में सर्वसम्मति से 12 उम्मीदवारों को चुना गया है जिनमें छह पुरूष और छह महिलाएं शामिल हैं। इनमें नारायणगढ़, उचाना, समालखा और गन्नौर से एक-एक पुरूष तथा कालांवाली से दो पुरूष उम्मीदवार सर्वसम्मति से चुने गए हैं। इसी प्रकार, रतिया, तरावड़ी, महेन्द्रगढ़, समालखा, कालांवाली और रानियां से एक-एक महिला उम्मीदवार निर्वोध चुनी गई हैं।
सर्वाधिक उम्मीदवार बहादुरगढ़ से:
नगरपरिषद चुनाव में सर्वाधिक 194 उम्मीदवार बहादुरगढ़ से हैं। जिनमें 105 पुरूष एवं 89 महिला उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इसी प्रकार, नगर पालिका चुनावों में सर्वाधिक 103 उम्मीदवार बरवाला से हैं जिनमें 50 पुरूष एवं 53 महिला उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।